वर्ल्ड कप : चोटिल कप्तान दासुन शनाका के बाहर होने से बढ़ी श्रीलंका की मुश्किल
मौजूदा वनडे वर्ल्ड कप से श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका चोटिल होने की वजह से बाहर हो गए है और टीम में उनकी जगह हरफनमौला चमिका करुणारत्ने को शामिल किया गया है।
शनाका दाहिनी जांघ की मांसपेशियों में चोट की वजह से शनिवार को विश्व कप से बाहर हो गए। बत्तीस साल के शनाका के चोटिल होने से मौजूदा विश्व कप में अब तक लचर प्रदर्शन करने वाले श्रीलंका की मुश्किलें बढ़ गई है।
आईसीसी की विज्ञप्ति के अनुसार, शनाका को 10 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान चोट लगी थी। उन्हें ठीक होने में कम से कम तीन सप्ताह लगेंगे, जिससे टीम को उनके विकल्प की तलाश करनी होगी।

आईसीसी की तकनीकी समिति ने 32 वर्ष के शनाका की जगह करुणारत्ने को टीम में शामिल करने की मंजूरी दे दी है। श्रीलंका टूर्नामेंट में अपने शुरुआती दो मैच दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान से हार चुका है।
शनाका ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नई दिल्ली में 429 रन का पीछा करते हुए 62 गेंद में 68 रन की पारी खेली थी। उनकी जगह लेने वाले करुणारत्ने मध्यक्रम के बल्लेबाज और दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज है।
करुणारत्ने ने अभी तक 23 वनडे खेले है। इस 27 साल के खिलाड़ी ने इस प्रारूप में 24 विकेट लिए है और एक अर्धशतक के साथ 443 रन बनाए है।