Trending

वर्ल्ड कप : अफगानिस्तान ने किया उलटफेर, पिछली चैंपियन इंग्लैंड की 69 रन से हार

रहमानुल्लाह गुरबाज (80 रन), इकराम अलीखिल (58 रन) की पारी के बाद मुजीबुर रहमान (तीन विकेट) की जोरदार गेंदबाजी से अफगानिस्तान ने इस वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए गत विजेता इंग्लैंड को 69 रनसे हराया।

पहले दोनों मैच हारकर यहां आई अफगानिस्तान ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में इंग्लैड को छकाया। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करने आई अफगानिस्तान ने 49.5 ओवर में 284 रन बनाये। जवाब में इंग्लैंड 40.3 ओवर में 215 रन पर ढेर हो गई।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

इंग्लैंड के लिये हैरी ब्रूक (61 गेंद में 66 रन ) को छोड़कर कोई बल्लेबाज नहीं टिक सका। अफगानिस्तान के लिये पहले 16 गेंद में 28 रन बनाने वाले मुजीबुर ने गेंदबाजी में भी जलवा दिखाते हुए तीन विकेट चटकाये। मोहम्मद नबी ने छह ओवर में 16 रन देकर दो विकेट लिये।

इससे पहले दोनों टीमों का सामना सिडनी में 2015 विश्व कप में और 2019 में मैनचेस्टर में 2019 विश्व कप में हुआ था और इंग्लैंड ने क्रमश: नौ विकेट और 150 रन से जीत हासिल की थी।

इंग्लैंड की शुरूआत काफी खराब रही और दूसरे ही ओवर की पहली गेंद पर फजलहक फारूकी ने जॉनी बेयरस्टो (तीन) को पवेलियन भेज दिया।

33 के स्कोर पर उसका दूसरा विकेट जो रूट के रूप में गिरा जिन्हें मुजीबुर रहमान ने आउट किया। फॉर्म में चल रहे डेविड मलान को मोहम्मद नबी ने इब्राहिम जदरान के हाथों लपकवाया। मलान ने 39 गेंद में 32 रन बनाये।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

इंग्लैंड को सबसे करारा झटका तेज गेंदबाज नवीनुल हक ने दिया जब 18वें ओवर में कप्तान जोस बटलर सिर्फ नौ रन का योगदान देकर आउट हो गए।

लियाम लिविंगस्टोन (10) और सैम कुरेन (10) को क्रमश: राशिद खान और नबी ने पवेलियन भेजा। अफगानिस्तान के गेंदबाजों का इस कदर दबदबा था कि उसकी पारी का पहला छक्का 31वें ओवर में लगा जब हैरी ब्रूक ने मुजीबुर की गेंद को सीमा पार पहुंचाकर इंग्लैंड का स्कोर 150 रन तक पहुंचाया।

ब्रूक ने 61 गेंद में 66 रन बनाये जिसमें सात चौके और एक छक्का था। मुजीबुर ने उन्हें पवेलियन भेजकर इंग्लैंड की हार पर मुहर लगा दी। इससे पहले अफगानिस्तान एक गेंद बाकी रहते आउट हो गई, 284 रन का अच्छा स्कोर बनाया। उसके लिये गुरबाज ने 57 गेंद में 80 रन बनाये जिसमें आठ चौके और चार छक्के थे।

गुरबाज के अलावा इकराम अलीखिल ने 66 गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों के साथ 58 रन बनाये, निचले क्रम पर मुजीबुर रहमान ने 16 गेंद में 28 रन की आक्रामक पारी खेली। राशिद खान ने जैसे ही मार्क वुड को आउट किया, खुशी से उछलते अफगान क्रिकेटरों के चेहरों पर साफ था कि यह जीत उनके और उनके देश के लिये कितने मायने रखती है।

इससे पहले अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर ठोस शुरूआत की। पहले दोनों मैचों में नाकाम रहे गुरबाज और इब्राहिम जदरान ने पहले विकेट की साझेदारी में 114 रन जोड़े।

गुरबाज जबरदस्त फॉर्म में थे जिन्होंने तीसरे ही ओवर में क्रिस वोक्स को छक्का लगाकर अपने तेवर जाहिर किये। अफगानिस्तान के 50 रन 39 गेंद में बने।

गुरबाज ने नौवें ओवर में सैम कुरेन को कवर्स और स्कवेयर लेग में चौका लगाने के बाद मिडविकेट पर छक्का जड़कर 20 रन निकाले। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने कुरेन की जगह आदिल रशीद को गेंद सौंपी। गुरबाज ने 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर रशीद को चौका लगाकर 33 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।

अफगानिस्तान के सौ रन 77 गेंद में बने। खतरनाक हो रही इस साझेदारी को रशीद ने 17वें ओवर में तोड़ा जब जो रूट को कैच देकर जदरान (28) पवेलियन लौटे। अफगानिस्तान के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे और कोई बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी।

उन्नीसवें ओवर में अफगानिस्तान को दोहरे झटके लगे जब रशीद ने चौथी गेंद पर रहमत शाह (3) को आगे बढकर खेलने के लिये ललचाया और बटलर ने स्टम्पिंग करने में कोई चूक नहीं की।

अगली गेंद पर गुरबाज दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हो गए और शतक से वंचित रह गए। रशीद की गेंद पर हशमतुल्लाह शाहिदी ने शॉट खेला और रन के लिये दौड़े, मिडविकेट से फील्डर ने जब दूसरे छोर पर गिल्लियां बिखेरी तो डाइव लगाकर भी गुरबाज क्रीज तक नहीं पहुंच सके।

एक समय पर बिना किसी नुकसान के 114 रन के बाद अफगानिस्तान ने चार विकेट 38 रन के भीतर गंवा दिये। अजमतुल्लाह उमरजई (19) को लियाम लिविंगस्टोन ने वोक्स के हाथों लपकवाया।

रूट ने 33वें ओवर की पहली गेंद पर शाहिदी (14) को आउट किया। उनके जाने के बाद आये मोहम्मद नबी ने आते ही चौका लगाया, ज्यादा देर टिक नहीं सके और नौ रन बनाकर मार्क वुड का शिकार हुए।

आईपीएल स्टार स्पिनर राशिद खान के उतरते ही दर्शकों की जबां पर उनका नाम था और हर गेंद पर ‘राशिद राशिद ’ का शोर सुनाई दे रहा था। उन्होंने आते ही रूट को चौका लगाकर दर्शकों को निराश नहीं किया। राशिद (23) को रशीद ने पवेलियन भेजा जिनका डाइव लगाकर दर्शनीय कैच सीमारेखा के पास रूट ने लपका।

इंग्लैंड के लिये रशीद ने दस ओवर में 42 रन देकर तीन विकेट झटके, मार्क वुड को दो विकेट मिले। कुरेन ने चार ओवर में 46 और क्रिस वोक्स ने चार ओवर में 41 रन दे डाले और दोनों को विकेट नहीं मिले।