Trending

वर्ल्ड कप : श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को दी 210 रन बनाने की चुनौती

लखनऊ। पथुम निसांका और कुसल परेरा की पहले विकेट के लिए की गई 125 रन की शतकीय साझेदारी भी श्रीलंका के काम न आई और पूरी टीम 43.3 ओवर में 209 रन ही बना सकी।

पथुम निसांका और कुसल परेरा ने पहले विकेट के लिए की 125 रन की शतकीय साझेदारी

इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे ऑस्ट्रेलिया बनाम श्रीलंका के बीच मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इस मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 32.1 ओवर में 4 विकेट पर 178 रन बना लिए थे कि बारिश के चलते मैच रोक देना पड़ा था। उस समय चरिथ असलंका 4 और धनंजय डी सिल्वा 7 रन पर नाबाद रहे थे।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

बारिश के बाद जब मैच शुरू होते ही श्रीलंका की परेशानी तब बढ़ गयी जब पहली ही गेंद पर धनंजय डी सिल्वा (7) का मिचेल स्टार्क ने विकेट लिया। उस समय टीम का स्कोर 32.3 ओवर में 178 रन था।

इससे पहले श्रीलंका टीम की ओर से पथुम निसांका और कुसल परेरा ने पारी की शुरुआत की थी और दोनों ने पहले विकेट के लिए 125 रन की शतकीय साझेदारी की।

सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका (61) अपने वनडे करियर का 11वां अर्धशतक पूरा कर कप्तान पैट कमिंस की गेंद पर डेविड वॉर्नर के हाथों कैच आउट हुए।

वहीं कुसल परेरा ने अपने वनडे करियर का 16वां अर्धशतक पूरा किया। कुसल परेरा ने अपनी पारी में 82 गेंदों पर 12 चौकों से 95.12 के स्ट्राइक रेट से 78 रन बनाए।

इस मैच में पावरप्ले में श्रीलंकाई टीम ने सधा खेल दिखाया और सलामी जोड़ी ने शुरुआती 10 ओवर में 51 रन बना लिए। पथुम निसांका और कुसल परेरा ने पहले विकेट के लिए 130 गेंदों पर 125 रन की साझेदारी की। इस पार्टनरशिप को पैट कमिंस ने अपनी गेंद पर निसांका को वॉर्नर के हाथों कैच कराकर तोड़ा।

श्रीलंका टीम को पहला झटका 22वें ओवर की चौथी गेंद पर तब लगा जब पथुम निसांका ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस की गेंद पर डेविड वार्नर को कैच थमा बैठे। पथुम निसांका ने 67 गेंदों पर 8 चौकों की सहायता से 61 रन की पारी खेली।

इसके बाद कुसल परेरा 27वें ओवर की दूसरी गेंद पर पवैलियन लौट गए। उन्हें पैट कमिंस ने अपनी ही गेंद पर आउट किया। कुसल परेरा ने 82 गेंदों पर 12 चौकों की सहायता से 78 रन की पारी खेली।

वहीं कप्तान कुसल मेंडिस 28वें ओवर की अंतिम गेंद पर एडम जम्पा की गेंद पर डेविड वार्नर को कैच थमा बैठे। उस समय टीम का स्कोर 165 रन था।

टीम का चौथा विकेट सदीरा समरविक्रमा (8) के रुप में गिरा जिन्हें 29.1 ओवर में टीम के 166 रन के कुल स्कोर पर एडम जम्पा ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। समरविक्रमा ने डीआरएस की मांग की लेकिन अंपायर ने उन्हें आउट दे दिया।

श्रीलंका का पांचवां विकेट धनंजय डी सिल्वा के रुप में गिरा। इसके बाद छठां विकेट दुनिथ वेलालेज के रुप में गिरा। उन्हें 34.5 ओवर में 184 रन के कुल स्कोर पर पैट कमिंस ने रन आउट किया। इसके बाद चमिका करुणारत्ने 2 रन ही बना सके जिन्हें एडम जम्पा ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। उस समय टीम का स्कोर 37.6 ओवर में 7 विकेट पर 196 रन बना था।

इसके बाद उतरे महेश तीक्षणा (0) 39.2 ओवर में 199 रन के कुल स्कोर पर पवैलियन लौट गए। उन्हें भी एडम जम्पा ने एलबीडब्ल्यू आउट किया।

टीम का नौंवा विकेट लाहिरू कुमारा के रुप में गिरा जिन्हें 40.5 ओवर में 204 रन के कुल स्कोर पर मिचेल स्टार्क ने बोल्ड किया। टीम का अंतिम विकेट चरिथ असलंका के रुप में गिरा जिन्हें ग्लेन मैक्सवेल की गेंद पर मार्नस लाबुशेन ने कैच लपका।

ऑस्ट्रेलिया टीम की ओर से एडम जम्पा सर्वाधिक सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 8 ओवर में एक मेडन के साथ 47 रन देकर चार विकेट झटके। मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस ने दो-दो विकेट की सफलता हासिल की। ग्लेन मैक्सवेल को एक विकेट मिला।