डेनमार्क ओपन : किर्स्टी गिल्मर पर जीत से पीवी सिंधु अगले दौर में
पीवी सिंधु ने ओडेंस के जिस्के बैंक एरीना में डेनमार्क ओपन महिला एकल के राउंड ऑफ 32 के मैच में स्कॉटलैंड की किर्स्टी गिल्मर को मात दी। बैडमिंटन रैंकिंग में 12वें स्थान पर मौजूद सिंधु ने दुनिया की 28वें नंबर की स्कॉटिश शटलर के खिलाफ 21-14, 18-21, 21-10 से जीत दर्ज की।
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बुधवार को बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 16 में इंडोनेशियाई सातवीं वरीयता प्राप्त ग्रेगोरिया मारिस्का तुनजुंग से भिड़ेंगी। तुनजुंग ने इस वर्ष की शुरुआत में स्पेन मास्टर्स फाइनल में सिंधु को हराया था।

पिछले सप्ताह आर्कटिक ओपन के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली सिंधु ने अच्छी शुरुआत करते हुए शुरुआती गेम में बढ़त हासिल कर ली। गिल्मर ने दूसरे गेम में वापसी की और भारतीय शटलर की कोशिशों के बावजूद मैच को तीसरे और निर्णायक गेम तक ले जाने में सफल रहीं।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधु तीसरे गेम में पूरी तरह से हावी रही और गिल्मर पर अपनी दूसरी जीत दर्ज की।
आकर्षी कश्यप, जिन्होंने टूर्नामेंट में देर से जगह बनाई थी, उन्होंने भी महिला एकल टूर्नामेंट में अगले राउंड में प्रवेश किया। दुनिया की 38वें नंबर की भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ने जर्मनी की यवोन ली को 10-21, 22-20, 21-12 से हराया।
पुरुष एकल में किदांबी श्रीकांत पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के वेंग होंग यांग से 21-19, 10-21, 16-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। यह पूर्व विश्व नंबर 1 खिलाड़ी की इस साल खेले गए 15 बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर टूर्नामेंट में शुरुआती दौर में सातवीं हार थी।
मौजूदा पुरुष युगल बैडमिंटन रैंकिंग में दुनिया के नंबर 1 सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को अपने पहले राउंड में मलेशिया के ओंग यू सिन और टीओ ई यी से खेलने के लिए रखा गया था।
भारतीय जोड़ी ने अंतिम पलों में अपना नाम वापस ले लिया, जिससे उनके विरोधियों को वॉकओवर मिल गया। भारतीय महिला युगल जोड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद और पुरुष युगल जोड़ी एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला ने भी टूर्नामेंट शुरू होने से पहले नाम वापस ले लिया।
डेनमार्क ओपन के रिजल्ट पेरिस ओलंपिक के लिए प्लेयर्स की क्वालीफाइंग रैंकिंग में जोड़े जाएंगे। बैडमिंटन के लिए क्वालिफिकेशन विंडो इस साल 1 मई से शुरू हुई है।