वर्ल्ड कप : अफगानिस्तान को हल्के में नहीं लेगा न्यूजीलैंड
वनडे वर्ल्ड कप में मौजूदा विजेता इंग्लैंड को मात देकर अफगानिस्तान ने सबको चौंका दिया है और बुधवार को होने वाले मैच में उसकी टक्कर न्यूजीलैंड से होगी। इस मैच में कीवी टीम टूर्नामेंट में अजेय अभियान जारी रखना चाहेगी इसलिए वाे अफगान टीम को हलके में लेने की गलती नहीं करेंगे।
कीवी टीम टूर्नामेंट में अजेय अभियान जारी रखना चाहेगी। दिल्ली मे पिछले मैच में इंग्लैंड को 69 रन से हराने वाली अफगानिस्तान एक और उलटफेर करने के इरादे से उतरेगी।
न्यूजीलैंड अब तक तीनों मैच जीतकर रनरेट के आधार पर भारत से पीछे दूसरे स्थान पर है। अफगानिस्तान को पहले दो मैचों में बांग्लादेश और भारत ने हराया, तीसरे मैच में हशमतुल्लाह शाहिदी की टीम ने इंग्लैंड जैसे धुरंधर को हराकर नया इतिहास रच दिया।

न्यूजीलैंड की कमान फिर से विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम लाथम के हाथ में होगी क्योंकि नियमित कप्तान केन विलियमसन बायें अंगूठे में फ्रेक्चर की वजह से कुछ मैचों से बाहर है।
तेज गेंदबाज टिम साउदी अंगूठे की चोट से उबर चुके है और देखना यह है कि इस मैच में वह उतर पाते है या नहीं। न्यूजीलैंड के पास शीर्ष क्रम में विल यंग, डेवोन कॉन्वे और डेरिल मिचेल जैसे बल्लेबाज है, हरफनमौला रचिन रविंद्र ने भी प्रभावी प्रदर्शन किया है।
अब उनका सामना राशिद खान और मोहम्मद नबी की फिरकी से होगा जिन्होंने इंग्लैंड को खासा परेशान किया। बता दें कि न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच रोमांचक मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा।
चेन्नई की पिच अपने धीमे नेचर के लिए जानी जाती है। स्पिनर्स के लिए चेपक की पिच स्वर्ग साबित होती है। उन्हें यहां अधिक मदद मिलती है।
बल्लेबाज यहां रन बनाने में थोड़ा संघर्ष करते है। बीच-बीच में तेज गेंदबाज भी इस पिच पर कारगर साबित होते है। अभी तक इस मैदान पर कुल 36 वनडे मैच खेले गए है, जिसमें से 17 मैच पहले बल्लेबाजी तो 18 मैच दूसरी बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते है।
यहां ज्यादा हाई स्कोरिंग मैच देखने को नहीं मिलते। वनडे में चेपक में पहली पारी का औसत स्कोर 224 रन है, दूसरी पारी का 206 है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, रियाज हसन, रहमत शाह, नजीबुल्लाह जादरान, मोहम्मद नबी, इकराम अलीखिल, अजमतुल्ला उमरजई, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी, अब्दुल रहमान, नवीन उल हक।
न्यूजीलैंड: टॉम लाथम (कप्तान) , डेवोन कोंवे, विल यंग, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशाम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिशेल सेंटनेर, ईश सोढी, टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट, लॉकी फर्ग्युसन, मैट हेनरी।