Trending

ग्लेन फिलिप्स व टॉम लैथम की साझेदारी, न्यूजीलैंड ने दिया 288 रन का लक्ष्य

ग्लेन फिलिप्स (71 रन), टॉम लैथम (68 रन) की साझेदारी से न्यूजीलैंड ने कुछ विषम हालातों से गुजरने के बावजूद अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे वर्ल्ड कप के मैच में यहां छह विकेट पर 288 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया।

फिलिप्स ने 80 गेंद पर चार चौकों और इतने ही छक्कों से 71 रन बनाए। लैथम ने 74 गेंद पर 68 रन बनाए जिसमें तीन चौके और दो छक्के है।

इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 144 रन की साझेदारी की जिससे न्यूजीलैंड अंतिम 10 ओवर में 103 रन जोड़ने में सफल रहा। इन दोनों से पहले विल यंग (64 गेंद पर 54 रन, चार चौके, तीन छक्के) ने भी अर्धशतकीय पारी खेली।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

गत विजेता इंग्लैंड को मात देकर टूर्नामेंट का पहला उलटफेर करने वाले अफगानिस्तान की ओर से अजमत ओमारजई और नवीन उल हक ने दो-दो विकेट झटके।

न्यूजीलैंड के लिए शुरूआत अनुकूल नहीं रही। पहले उसने टॉस गंवाया और सातवें ओवर में फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे (20) का विकेट। मुजीब उर रहमान की अपील अंपायर ने ठुकरा दी थी, डीआरएस के बाद कॉनवे को पवेलियन का रास्ता नापना पड़ा।

यंग और रचिन रविंद्र (41 गेंद पर 32) ने अफगानिस्तान के लचर क्षेत्ररक्षण का फायदा उठाकर सहजता से रन बटोरे तथा दूसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़े।

न्यूजीलैंड ने इस तरह से लगातार चौथे मैच में दूसरे विकेट के लिए कम से कम अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। इन दोनों बल्लेबाजों को अपनी पारी के शुरू में जीवनदान मिला था।

न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने अनुभवी स्पिनर मोहम्मद नबी पर दबाव बनाया। यंग ने अपने तीन में से दो छक्के इस गेंदबाज पर लगाए, रविद्र ने भी एक बार उनकी गेंद छह रन के लिए भेजी।

रविंद्र पिछले मैचों की तरह लय में नहीं दिख रहे थे। दूसरी ओर यंग ने राशिद खान पर चौका जड़कर लगातार दूसरा अर्धशतक जमाया।

न्यूजीलैंड जब मजबूती से आगे बढ़ रहा था तब उसने आठ गेंद के अंदर तीन विकेट गंवा दिए। ओमारजई ने पारी के 21वें ओवर में दोनों जमे हुए बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

उन्होंने पहले रविंद्र की गिल्लियां बिखेरी और यंग को विकेटकीपर के हाथों कैच कराया। राशिद ने अगले ओवर में नए बल्लेबाज डेरिल मिशेल (01) को वापसी का रास्ता दिखाया। इससे स्कोर एक विकेट पर 109 रन से चार विकेट पर 110 रन हो गया।

कीवी बल्लेबाजों पर दबाव था और अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने उनको खुलकर खेलने की अनुमति भी नहीं दी। यही वजह थी कि 21वें से 30वें ओवर तक 29 और 31वें से 40वें ओवर तक 47 रन बने। इस बीच केवल चार चौके और एक छक्का लगा।

फिलिप्स ने 69 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया और तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी पर लगातार दो छक्के मारे। लैथम ने भी 67 गेंद पर अर्धशतक पूरा करने के बाद ओमारजई पर लगातार दो छक्के और चौका जड़ा।

नवीन ने इन दोनों को तीन गेंद के अंदर आउट किया। मार्क चैपमैन ने 12 गेंद पर नाबाद 25 रन बनाए। उन्होंने ओमारजई के एक ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाया।