विश्व कप : धर्मशाला स्टेडियम में बंद टिकट काउंटर, क्रिकेट प्रेमियों ने लगाया बड़ा आरोप
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में भारत-न्यूजीलैंड के बीच वनडे वर्ल्ड कप के बीच होने वाले हाई वोल्टेज मैच को देखने के लिए दर्शकों में उत्साह है।
धर्मशाला को मिले पांच मैचों में भारत यहां एक मात्र मैच न्यूजीलैंड के साथ खेलेगी। ऐसे में इस मैच की टिकटों के लिए क्रिकेट प्रेमियों में होड़ मची है।
टिकटों की खरीद के लिए बड़ी संख्या में बुधवार को युवा एचपीसीए स्टेडियम के मुख्य गेट के समीप कांउटर पर पंहुच गए। काफी देर तक कांउटर न खुलने से नाराज युवाओं ने एचपीसीए पर टिकटें ब्लैक करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

युवा दर्शकों का बोलना था कि वह सुबह से ही टिकट खरीदने के लिए लाइनों में लग गए थे, तीन से चार घंटे बाद भी कांउटर नही खुला। उन्होंने बताया कि कुछ समाचार पत्रों में टिकट कांउटर पर ऑफलाइन टिकटें मिलने की खबर पढ़कर ही वह यहां आए है, कांउटर को नही खोला गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों के पास ऑफलाइन टिकटें है, अब तक इस मैच को लेकर एक बार भी कांउटर नही खोला गया है।
ऐसे में उन लोगों के पास कहां से वह टिकटें आई है यह सोचनीय विषय है। उनका बोलना था कि इससे साफ है कि कुछ लोगों ने ही टिकटें ब्लैक की और उन्हें बेचा गया।
उन्होंने इसमें एचपीसीए के भी लोगों की मिलीभगत का आरोप लगाया है। टिकट खरीदने आए युवाओं ने कहा कि उन्हें लंबे समय से इस मैच का इंतजार था और वह ऑफलाइन टिकटें खरीदना चाह रहे थे ताकि उन्हें सस्ती टिकटें मिल सकें। उन्होंने एचपीसीए से ऑफलाइन टिकट के लिए जल्द कांउटर खोलने की मांग की है।
उधर एचपीसीए के निदेशक संजय शर्मा ने बताया कि फिलहाल इस मैच के लिए सभी टिकटों की बिक्री ऑनलाइन ही हुई है। ऑफलाइन टिकटें नही बेची गई है।
उन्होंने बोला कि, इस मैच की लगभग सभी टिकटें ऑनलाइन बिक चुकी है। उन्होंने बताया कि इस मैच के लिए कोई भी ऑफलाइन कांउटर नही लगाया गया है और नही लगेगा क्योंकि सभी टिकट कंपनी द्वारा टिकटें ऑनलाइन ही बेची गई है।
उन्होंने बताया कि हालांकि इससे पूर्व हुए तीन मैचों के लिए ऑफलाइन टिकटें उपलब्ध थीं तो कांउटर लगाए गए थे।