वर्ल्ड कप : अफगानिस्तान की नहीं चली, न्यूजीलैंड की चौथी जीत
ग्लेन फिलिप्स (71 रन), कप्तान टॉम लैथम (68 रन) की साझेदारी और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन से न्यूजीलैंड ने यहां अफगानिस्तान को 149 रन से मात देकर वर्ल्ड कप में अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की।
न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान के स्पिनरों के सामने टिके रहकर छह विकेट पर 288 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। रविवार को गत विजेता इंग्लैंड को हराकर टूर्नामेंट का पहला उलटफेर करने वाली अफगानिस्तान जवाब में 34.4 ओवर में 139 रन पर सिमट गई।
फिलिप्स ने 80 गेंद पर चार चौकों और इतने ही छक्कों से 71 रन बनाए। लैथम ने 74 गेंद पर 68 रन बनाए जिसमें तीन चौके और दो छक्के है।

इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 144 रन की साझेदारी की जिससे न्यूजीलैंड आखिरी 10 ओवर में 103 रन जोड़ने में कामयाब रहा। इन दोनों से पहले विल यंग (64 गेंद पर 54 रन, चार चौके, तीन छक्के) ने भी अर्धशतकीय पारी खेली।
अफगानिस्तान ने किसी भी समय उस तरह का जोश और जज्बा नहीं दिखाया जो उसने इंग्लैंड के खिलाफ दिखाया था। उसका क्षेत्ररक्षण खराब रहा, उसके गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को वापसी का अवसर दिया। बल्लेबाजों ने भी जल्दबाजी दिखाई, इस बीच कीवी टीम की गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण शानदार रहा।
न्यूजीलैंड की ओर से मिशेल सैंटनर (39 रन देकर तीन) और लॉकी फर्ग्यूसन (19 रन देकर तीन) सबसे सफल गेंदबाज रहे, ट्रेंट बोल्ट (18 रन देकर दो) ने उनका अच्छा साथ दिया।

अफगानिस्तान ने अपने अंतिम चार विकेट आठ गेंद और पांच रन के अंदर गंवाए। न्यूजीलैंड इस जीत से चार मैच में आठ अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर आ गया है।
अफगानिस्तान ने पहले 10 ओवर में सिर्फ 28 रन बनाए और इस बीच तीन गेंद के अंदर दोनों सलामी बल्लेबाजों रहमनउल्लाह गुरबाज (11) इब्राहिम जादरान (14) विकेट गंवाए।
मैट हेनरी की गेंद गुरबाज के बल्ले का किनारा लेकर विकटों में समाई, इब्राहिम ने बोल्ट की गेंद पर कवर में आसान कैच दिया। सैंटनर ने फर्ग्यूसन की गेंद पर कप्तान हसमतउल्लाह शहीदी (29 गेंद पर 08) का स्क्वायर लेग पर एक हाथ से अविश्वसनीय कैच लिया जिससे अफगानिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 43 रन हो गया।
रहमत शाह (62 गेंद पर 36) और अजमत ओमारजई (32 गेंद पर 27) ने इसके बाद सतर्कता बरती और चौथे विकेट के लिए 70 गेंद पर 54 रन की साझेदारी की। लैथम ने ऐसे में बोल्ट को गेंद सौंपी और उन्होंने ओमारजई को विकेट के पीछे कैच कराकर कप्तान को निराश नहीं किया।
स्पिनर रचिन रविंद्र ने रहमत शाह का अपनी ही गेंद पर कैच लेकर और सैंटनर ने मोहम्मद नबी (07) को आउट करके अफगानिस्तान की उम्मीदों पर तुषारापात कर दिया। अफगानिस्तान की पारी सिमटने में देर नहीं लगी।
अफगानिस्तान का क्षेत्ररक्षण अच्छा नहीं रहा और उसने कम से कम पांच कैच टपकाए। उसकी ओर से अजमत ओमारजई और नवीन उल हक ने दो-दो विकेट झटके।
न्यूजीलैंड के लिए शुरूआत अनुकूल नहीं रही। पहले उसने टॉस गंवाया और सातवें ओवर में फॉर्म में चल रहे डेवोन कॉनवे (20) का विकेट। मुजीब उर रहमान की अपील अंपायर ने ठुकरा दी थी, डीआरएस के बाद कॉनवे पवेलियन लौटे।
यंग और रचिन रविंद्र (41 गेंद पर 32) ने अफगानिस्तान के लचर क्षेत्ररक्षण का फायदा उठाकर सहजता से रन बटोरे तथा दूसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़े। न्यूजीलैंड ने इस तरह से लगातार चौथे मैच में दूसरे विकेट के लिए कम से कम अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। इन दोनों बल्लेबाजों को अपनी पारी के शुरू में जीवनदान मिला था।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने स्पिनर मोहम्मद नबी पर दबाव बनाया। यंग ने अपने तीन में से दो छक्के इस गेंदबाज पर मारे, रविद्र ने भी एक बार उनकी गेंद छह रन के लिए भेजी। यंग ने राशिद खान पर चौका जड़कर लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ा।
न्यूजीलैंड ने आठ गेंद के अंदर तीन विकेट गंवा दिए। ओमारजई ने पारी के 21वें ओवर में दोनों जमे हुए बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उन्होंने पहले रविंद्र की गिल्लियां बिखेरी और यंग को विकेटकीपर के हाथों कैच कराया।
राशिद ने अगले ओवर में नए बल्लेबाज डेरिल मिशेल (01) को वापसी का रास्ता दिखाया। इससे स्कोर एक विकेट पर 109 रन से चार विकेट पर 110 रन हो गया। फिलिप्स और लैथम ने 25 ओवर तक विकेट नहीं गिरने गया, उन पर दबाव साफ दृष्टिगोचर हो रहा था।
यही वजह थी कि 21वें से 30वें ओवर तक 29 और 31वें से 40वें ओवर तक 47 रन बने। इस बीच केवल चार चौके और एक छक्का लगा।
फिलिप्स ने 69 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया और तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी पर लगातार दो छक्के लगाए। लैथम ने भी 67 गेंद पर अर्धशतक पूरा करने के बाद ओमारजई पर लगातार दो छक्के और चौका लगाया।
नवीन ने इन दोनों को तीन गेंद के अंदर आउट किया। मार्क चैपमैन ने 12 गेंद पर नाबाद 25 रन बनाए। उन्होंने ओमारजई के एक ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाया।