पीवी सिंधु डेनमार्क ओपन के क्वार्टरफाइनल में
डेनमार्क ओपन में भारत की पीवी सिंधु ने क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता ने ओडेंस के जिस्के बैंक एरीना में महिला एकल के राउंड ऑफ 16 मैच में इंडोनेशियाई खिलाड़ी ग्रेगोरिया मारिस्का तुनजुंग को हराया।
इस टूर्नामेंट में सिंधु एकमात्र भारतीय चुनौती है। बैडमिंटन रैंकिंग में 12वें स्थान पर मौजूद सिंधु ने दुनिया की 7वें नंबर की इंडोनेशियाई ग्रेगोरिया मारिस्का तुनजुंग को 18-21, 21-15, 21-13 से हराकर क्वार्टरफाइनल में एंट्री ली।
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ने बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 16 में इंडोनेशिया की सातवीं वरीयता प्राप्त ग्रेगोरिया मारिस्का तुनजुंग के खिलाफ पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए 2-1 से मैच अपने नाम किया।

पहले गेम की शुरुआत दोनों प्लेयर्स ने बराबरी के साथ की। इंडोनेशियाई खिलाड़ी ग्रेगोरिया मारिस्का तुनजुंग ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 12-6 से बढ़त हासिल कर ली।
सिंधु ने गेम में वापसी करते हुए लगातार अंक अर्जित किए और स्कोर 12-13 कर दिया। ग्रेगोरिया ने यह गेम जीतने के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर बढ़त हासिल की, इस बार सिंधु की वापसी के लिए मौका नहीं दिया। इस गेम को उन्होंने 21-18 से जीत लिया।
दूसरे गेम में भारतीय शटलर ने शुरुआती बढ़त हासिल की और इंडोनेशियाई खिलाड़ी पर अपना दबदबा कायम किया।ग्रेगोरिया की गलतियों का फायदा उठाकर भारतीय शटलर ने 13-6 से बड़ी बढ़त बना ली। लेकिन ग्रेगोरिया मारिस्का ने वापसी की और स्कोर 14-14 से बराबर कर दिया।
सिंधु ने लगातार पांच अंक हासिल कर स्कोर 19-14 कर दिया। ग्रेगोरिया को मौका न देते हुए सिंधु ने 21-15 से दूसरा गेम जीत लिया। निर्णायक गेम में दोनों प्लेयर्स ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। गेम की शुरुआत में इंडोनेशियाई खिलाड़ी ने बढ़त बनाई। सिंधु ने वापसी करते हुए स्कोर को 9-9 से बराबर कर दिया।
सिंधु ने दमदार खेल से बढ़त बनाई और इस लय को बरक़रार रखते हुए तीसरे गेम में 21-13 से जीत हासिल की। सिंधु ने ग्रेगोरिया मारिस्का पर नौवीं जीत दर्ज की है।
क्वार्टरफाइनल मैच में सिंधु का सामना वर्ल्ड रैंकिंग में 19वें नंबर की थाईलैंड की सुपानिदा कटेथोंग से होगा। महिला एकल के अन्य मुकाबले में रैंकिंग में 38वें नंबर पर मौजूद आकर्षी कश्यप को थाईलैंड की सुपानिदा कटेथोंग से सीधे गेम में 18-21, 8 -21 से हार मिली।
इसी के साथ भारतीय खिलाड़ी का इस टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया। पुरुष एकल स्पर्धा में लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत शुरुआती राउंड के अपने-अपने मैच में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो चुके थे।
डेनमार्क ओपन के रिजल्ट पेरिस ओलंपिक के लिए प्लेयर्स की क्वालीफाइंग रैंकिंग में जोड़े जाएंगे। बैडमिंटन के लिए क्वालिफिकेशन विंडो इस साल 1 मई से शुरू हो चुकी है।