वर्ल्ड कप : भारत की जीत में कोहली का 48वां शतक, सात विकेट से हारा बांग्लादेश
विराट कोहली (नाबाद 103 रन), केएल राहुल (नाबाद 34 रन), शुभमन गिल (53 रन), रोहित शर्मा (48 रन) की पारी से भारत ने बांग्लादेश को 51 गेंद शेष रहते हुए सात विकेट से मात देकर वनडे वर्ल्ड कप में अपना विजय अभियान जारी रखा।
रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 88 रन जोड़कर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। कोहली का बल्ला चला और उन्होंने 97 गेंद पर नाबाद 103 रन बनाए जिसमें छह चौके और चार छक्के है।
उन्होंने केएल राहुल (नाबाद 34) के साथ चौथे विकेट के लिए 83 रन जोड़कर भारत का स्कोर 41.3 ओवर में तीन विकेट पर 261 रन तक पहुंचाया।

बांग्लादेश पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत के बावजूद आठ विकेट पर 256 रन ही बना सका। उसकी तरफ से लिटन दास ने 66, उनके सलामी जोड़ीदार तंजीद हसन ने 51 और महमुदुल्लाह ने 46 रन की पारी खेली।
भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह, रविंद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज ने दो-दो विकेट झटके। भारत की लगातार यह चौथी जीत है जिससे उसने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को पंख लगाए।
भारत ने चार मैच में चार जीत से न्यूजीलैंड की बराबरी कर ली है, कीवी टीम बेहतर रन रेट के आधार पर शीर्ष पर है। मैच के अंतिम पलों में सबकी निगाहें इस पर टिकी थी कि कोहली शतक पूरा कर पाएंगे या नहीं। राहुल ने अपने बल्ले पर अंकुश लगाया, कोहली ने अपने पास स्ट्राइक रखी।
उन्होंने हसन महमूद और नासुम अहमद पर छक्के मारकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 26000 रन पूरे किए। कोहली ने नासुम पर विजयी छक्का मारा और सचिन तेंदुलकर के 49 शतकों के रिकॉर्ड की तरफ कदम बढ़ाए।
भारतीय पारी के शुरू में रोहित आक्रामक मूड में थे। उन्होंने शोरिफुल इस्लाम के पारी के पहले ओवर में दो चौके और इसी गेंदबाज के अगले ओवर में अपने पसंदीदा पुल शॉट से छक्का मारा।
वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। हसन महमूद पर गगनदायी छक्का मारने के बाद अगली शॉर्ट पिच गेंद पर वह सीमा रेखा पर कैच दे बैठे। रोहित ने सात चौके और दो छक्के मारे।
गिल ने बाएं हाथ के स्पिनर नासुम अहमद पर दो छक्के जड़कर आत्मविश्वास जगाया और मुस्तफिजुर रहमान के ओवर में तीन चौके मारे। रोहित की जगह उतरे कोहली ने हसन महमूद की फ्री हिट वाली गेंद को छह रन के लिए भेजकर 13वें ओवर में भारत का स्कोर तिहरे अंक तक पहुंचाया।
गिल ने 50 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया, इसके तुरंत बाद वह मेहदी हसन मिराज की गेंद हवा में लहराकर पवेलियन लौट गए। उनकी पारी में पांच चौके और दो छक्के है। उनकी जगह लेने के लिए उतरे श्रेयस अय्यर (19) ने भी मिराज की गेंद हवा में खेलकर अपना विकेट इनाम में दिया।
कोहली ने 48 गेंद पर अपना पचासा पूरा किया और इस दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंचे। उन्होंने श्रीलंका के माहेला जयवर्धने (25957 रन) को पीछे छोड़ा।
भारतीय गेंदबाजों ने चौथे मैच में अपनी प्रतिद्वंद्वी टीम को अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठाने दिया। बांग्लादेश का स्कोर एक समय बिना किसी नुकसान के 93 रन था, भारतीय गेंदबाजों ने हार्दिक पंड्या के चोटिल हो जाने के बावजूद उसे बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया।
हार्दिक ने नौवें ओवर में गेंद संभाली, लिटन दास के स्ट्रेट ड्राइव को रोकने के प्रयास में उनका टखना मुड़ गया। उन्होंने पहले मैदान पर ही उपचार लिया, आखिर में उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। बीसीसीआई ने बाद में कहा कि हार्दिक को स्कैन के लिए ले जाया गया है।
हार्दिक का ओवर कोहली ने पूरा किया। उस समय तक भारत को पहली सफलता का इंतजार था। कुलदीप यादव ने भारत को पहली सफलता, जडेजा ने दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद बांग्लादेश के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल पाए।
जडेजा ने 10 ओवर में 38 रन देकर दो विकेट लिए और इसके अलावा मुशफिकुर रहीम का डाइव लगाकर शानदार कैच भी लिया। बांग्लादेश की पारी का शुरुआती चरण तंजीद हसन और लिटन दास के नाम रहा। तंजीद 43 गेंद पर 51 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के है। यह वनडे में उनका पहला अर्धशतक है।
लिटन दास ने 82 गेंद पर सात चौकों से 66 रन बनाए। तंजीद और लिटन दास ने 93 रन जोड़े जो विश्व कप में बांग्लादेश की तरफ से पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
रहीम ने 38 रन का उपयोगी योगदान दिया। पारी के अंतिम चरण में महमूदुल्लाह ने 36 गेंद पर 46 रन की आक्रामक पारी खेली जिसने तीन चौके और इतने ही छक्के है।
पिच से गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिल रही थी और ऐसे में नई गेंद से गेंदबाजी करना चुनौतीपूर्ण था। बुमराह (41 रन देकर दो विकेट) हालांकि हवा में कुछ मूवमेंट हासिल कर रहे थे।
सतर्क शुरुआत के बाद लिटन दास ने छठे ओवर में सिराज (60 रन देकर दो विकेट) पर दो चौके मारे, अगले ओवर में तंजीद ने बुमराह पर पारी का पहला छक्का मारा। बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने इसके बाद तेजी से रन बनाए। उन्होंने पावरप्ले के अंतिम पांच ओवर में 53 रन जोड़े।
यह साझेदारी टूटने के बाद बांग्लादेश ने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए जिससे उसका 300 रन के करीब पहुंचने का सपना पूरा नहीं हो पाया।