Trending

धर्मशाला में ऐसा हुआ भारतीय टीम का स्वागत

वनडे वर्ल्ड कप में 22 अक्टूबर को धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैच के लिए भारतीय टीम भी धर्मशाला पंहुच गई।

टीम इंडिया के खिलाड़ी व अन्य टीम सदस्य स्पेशल विमान से पुणे से कांगड़ा हवाई अड्डे पर पहुंचे। हवाई अड्डे पर पहुंचने पर भारत का ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया।

यहां से टीम के प्लेयर्स को कड़ी सुरक्षा के बीच होटल ले जाया गया। कांगड़ा हवाई अड्डे पर अपने फेवरेट स्टार को देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों का भी हजूम लगा रहा।

अपने क्रिकेट स्टार की एक झलक देखने को वह बेताब नजर आए। पुलिस प्रशासन की तरफ से भी प्लेयर्स की सुरक्षा में कई चूक न हो इसको लेकर पहले ही अतरिक्त पुलिस बल की तैनाती कांगड़ा हवाई अड्डे में कर दी गई थी वहीं लोग भी भारतीय टीम के प्लेयर्स को देखकर काफी उत्साहित थे।

धर्मशाला में होटल पंहुचने पर एचपीसीए के पदाधिकारियों द्वारा भारतीय प्लेयर्स का हिमाचली संस्कृति से स्वागत किया। टीम इंडिया के खिलाड़ी कल धर्मशाला के क्रिकेट स्टेडियम में वार्मअप व नेट प्रैक्टिस में भाग लेते हुए नजर आएंगे। इससे पूर्व बीते दिन धर्मशाला पंहुची न्यूजीलैंड की टीम के प्लेयर्स ने शुक्रवार को स्टेडियम पंहुचकर जमकर पसीना बहाया।

गौरतलब है कि भारत और न्यूजीलैंड दोनों ने अभी तक इस वनडे वर्ल्ड कप में एक भी मैच नहीं हारा है और दोनों टीमें पॉइंट टेबल पर नंबर एक और नंबर दो पर बनी हुई है।

धर्मशाला में इन दोनों टीमों के बीच होने वाला मैच काफी दिलचस्प होने वाला है क्योंकि दोनों ही टीमों के खिलाड़ी अपने जीत के क्रम को जारी रखने के मकसद से मैदान में उतरेंगे।