Trending

जीत पर रहेगी इंग्लैंड व दक्षिण अफ्रीका की निगाह

गत विजेता इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका दोनों टीमों को पिछले मैच में कमजोर आंके जाने वाली प्रतिद्वंद्वी टीमों के हाथों उलटफेर का शिकार होना पड़ा है।

दक्षिण अफ्रीका को धर्मशाला में वर्षाबाधित मैच में नीदरलैंड ने हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया, इसी टूर्नामेंट टीम ने पांच विकेट पर 428 रन बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था।

दोपहर दो बजे से खेला जाएगा मैच

इंग्लैंड को अफगानिस्तान के हाथों अप्रत्याशित हार मिली। शनिवार को दोनों टीमें विश्व कप के मैच में यहां आमने-सामने होंगी तो नजरें जीत की राह पर लौटने पर लगी होंगी।

50 ओवर के विश्व कप के इतिहास में इंग्लैंड का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रिकॉर्ड भले ही 4-3 का है, इस बार दक्षिण अफ्रीका का प्रदर्शन बेहतर रहा है।

इंग्लैंड हर विभाग में जूझ रही है और उसका मनोबल गिरा हुआ है। इस मैच में उसे बेन स्टोक्स की सेवाएं मिल सकती है जो पहले तीन मैच कूल्हे की चोट की वजह से नहीं खेल सके थे।

टूर्नामेंट के पहले मैच में इंग्लैंड को न्यूजीलैंड ने हराया था। इंग्लैंड ने बांग्लादेश को मात दी, अफगानिस्तान से मिली हार ने उसका मनोबल गिरा दिया।

तीन मैचों में 43, 20 और 9 के स्कोर के साथ जोस बटलर भी फॉर्म में नहीं दिख रहे। लियाम लिविंगस्टोन ने भी तीन मैचों में 20, 0 और 10 रन बनाए है। जो रूट ने दो अर्धशतक और डेविड मलान ने शतक बनाया है, बल्लेबाजों को एक ईकाई के रूप में खेलना होगा।

रीस टॉपले (05 विकेट), मार्क वुड (03 विकेट) और आदिल रशीद (04 विकेट) भी अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके है। पिछली बार इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक 20 विकेट लेने वाले जोफरा आर्चर मुंबई पहुंच गए है, वह रिजर्व गेंदबाज होंगे और अभी वापसी का कोई इरादा नहीं है।

दक्षिण अफ्रीका ने टूर्नामेंट की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को सौ से अधिक रन के अंतर से हराया, डच टीम से हार ने एक बार फिर साबित कर दिया कि दबाव के सामने टीम बिखर जाती है।

तेंबा बावुमा बतौर बल्लेबाज कभी लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके लेकिन पिछले साल भर में कप्तानी बखूबी की है।लगातार दो शतक के साथ क्विंटन डिकॉक ने साबित कर दिया कि वह भी पीछे नहीं है।

एडेन मार्करैम और रासी वानडर डुसेन भी फॉर्म में है और हालात के अनुरूप तेज खेल सकते है। सीमारेखा छोटी होने से वानखेड़े स्टेडियम बल्लेबाजों का मददगार रहा है।

संभावित प्लेइंग इलेवन

इंग्लैंड: जॉनी बेयरस्टो, डेविड मलान, जो रूट, जोस बटलर (कप्तान), हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड विली, क्रिस वोक्स, मार्क वुड, रीस टॉपले।

दक्षिण अफ्रीका: तेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, रसी वान डर डुसेन, एडेन मार्करम, हेनरिच क्लासेन, डेविड मिलर, मार्को यानसेन, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, गेराल्ड कोएत्जी, लुंगी एनगिडी।