पाकिस्तानी फैन को पुलिसकर्मी ने किस बात से रोका, जानें वजह
ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान मैच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक पुलिसकर्मी पाकिस्तानी फैन को ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने से रोकता हुआ दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर फैन्स इस घटना पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे है।
इस घटना का पूरा सच सामने आया है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच विश्व कप मैच के दौरान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों ने शुक्रवार को किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशंसकों को नियंत्रित करने के लिए कुछ सख्त उपाय किए थे।

पुलिस ने प्रशंसकों से विरोध स्वरूप काली पोशाक का उपयोग नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने हालांकि स्टेडियम में प्रवेश करते समय किसी विशेष रंग या टीम की जर्सी पहनने से नहीं रोका।
पुलिस ने प्रशंसकों से भड़काऊ नारे वाले ‘प्लेकार्ड (तख्ती)’ का इस्तेमाल नहीं करने को कहा। स्टेडियम की सुरक्षा संभाल रहे अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बोला, ‘हमें स्टेडियम में प्रवेश करने से पहले प्रशंसकों के ‘प्लेकार्ड’ और बैनर की जांच करने का निर्देश मिला था, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
बाद में सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें जिसमें एक पुलिसकर्मी स्टैंड में मौजूद एक प्रशंसक से कह रहा था कि वह ऐसे नारे न लगाए जो बाकी दर्शकों को नागवार गुजरें।
इस वीडियो में दावा है कि पुलिसकर्मी ने प्रशंसक को ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ का नारा लगाने से रोकने की कोशिश की। इसमें पुलिसकर्मी ने कहा, ”यह उच्च अधिकारियों का आदेश है कि प्रशंसकों को भड़काऊ नारे की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। इसलिए, हम इसका पालन कर रहे है।