Trending

डेनमार्क ओपन : सेमीफाइनल में स्पेन की मारिन से हार के साथ सिंधु बाहर

पीवी सिंधु शनिवार को डेनमार्क ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में स्पेन की कारोलिना मारिन से तीन गेम में हार कर बाहर हो गई। यह मैच एक घंटे 13 मिनट तक चला जिसमें सिंधु को 18-21, 21-19, 7-21 से हार मिली।

सिंधु ने शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड की सुपानिडा काटेथोंग को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। वो पिछले सप्ताह फिनलैंड में आर्कटिक ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भी पहुंची थी, वह इससे आगे बढ़ने में नाकाम रही थी।

ओलंपिक में 2 बार की मेडल विजेता सिंधु ने गुरुवार को पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करके इंडोनेशिया की विश्व में 7वें नंबर की खिलाड़ी ग्रेगोरिया मारिस्का तुनजंग को हराकर डेनमार्क ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।

पिछले सप्ताह आर्कटिक ओपन के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु ने अपना जज्बा दिखाया तथा 71 मिनट तक चले दूसरे दौर के मैच में तुनजंग को 18-21 21-15 21-13 से हराया था।