Trending

मिशेल का शतक, न्यूजीलैंड ने भारत को दिया 274 रन का टारगेट

डेरिल मिशेल (130 रन), रचिन रवींद्र (75 रन) की बड़ी साझेदारी के बावजूद भारत ने मोहम्मद शमी के पांच विकेट से न्यूजीलैंड को विश्व कप मैच में यहां 273 रन पर ऑलआउट कर दिया।

मिशेल ने 127 गेंद में पांच छक्कों और नौ चौकों से 130 रन की पारी खेलने के अलावा रविंद्र (75 रन, 87 गेंद, छह चौके, एक छक्का) के साथ तीसरे विकेट के लिए 159 रन जोड़े जो इस मैदान पर किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी है। इन दोनों ही बल्लेबाजों को भारतीय क्षेत्ररक्षकों ने जीवनदान भी दिया।

भारत के लिए शमी सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 54 रन देकर करियर में तीसरी बार पांच विकेट झटके। बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव महंगे साबित हुए। उन्होंने 73 रन देकर दो विकेट झटके।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

मोहम्मद सिराज (45 रन पर एक विकेट) और जसप्रीत बुमराह (45 रन पर एक विकेट) ने किफायती गेंदबाजी करते हुए एक-एक विकेट झटके।

न्यूजीलैंड के बल्लेबाज पूरे टूर्नामेंट के दौरान पहली बार दबाव में दिखे। टीम अंतिम 13 ओवर में भारत की सटीक गेंदबाजी के सामने 68 रन ही बना सकी।

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया जिसके बाद गेंदबाजों ने नौवें ओवर में 19 रन तक ही दोनों सलामी बल्लेबाजों डेवोन कॉनवे (00) और विल यंग (17) को पवेलियन भेजा।

कॉनवे जसप्रीत बुमराह का पारी का पहला ओवर मेडन खेलने के बाद मोहम्मद सिराज की गेंद को फारवर्ड शॉर्ट लेग पर श्रेयस अय्यर के हाथों में खेल गए।

यंग ने दूसरे ओवर में सिराज पर चौके के साथ अपना और टीम का खाता खोला। उन्होंने बुमराह पर भी दो चौके जड़े, मोहम्मद शमी की गेंद को विकेटों पर खेल बैठे।

रचिन रविंद्र और डेरिल मिशेल ने पारी को संभाला। दोनों ने रन गति में इजाफा किया। रविंद्र ने शमी पर दो चौके मारे, 12 रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब इस तेज गेंदबाज की गेंद पर रविंद्र जडेजा ने प्वाइंट पर उनका कैच टपका दिया।

मिशेल ने 13वें ओवर में शमी पर चौके के साथ टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। रविंद्र और मिशेल दोनों ने 19वें ओवर में कुलदीप यादव पर छक्के जड़े। मिशेल ने कुलदीप के अगले ओवर में भी लंबा छक्का लगाया जो प्रेस बॉक्स की छत पर जाकर लगा। टीम के रनों का शतक 21वें ओवर में पूरा हुआ।

रविंद्र ने कुलदीप की गेंद पर एक रन के साथ 56 गेंद में अर्धशतक पूरा किया, मिशेल ने सिराज पर एक रन के साथ 60 गेंद में 50 रन के आंकड़े को छुआ।

सिराज ने 61 रन के स्कोर पर रविंद्र को पगबाधा किया, डीआरएस का सहारा लेने पर फैसला बल्लेबाज के पक्ष में गया क्योंकि गेंद लेग साइड के बाहर पिच हुई थी।

मिशेल को भी 69 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला जब कुलदीप की गेंद पर लांग ऑफ पर बुमराह ने उनका आसान कैच टपका दिया और गेंद चार रन के लिए चली गई।

रविंद्र अगले ओवर में शमी की गेंद पर लांग ऑन पर शुभमन गिल को कैच दे बैठे जिससे बड़ी शतकीय साझेदारी का अंत हुआ। उन्होंने 87 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का मारा।

न्यूजीलैंड के रनों का दोहरा शतक 37वें ओवर में पूरा हुआ, कुलदीप ने इसी ओवर में कप्तान टॉम लैथम (05) को पगबाधा करके भारत को चौथी सफलता दिलाई। मिशेल ने बुमराह की गेंद पर एक रन के साथ 100 गेंद अपना पांचवां शतक पूरा किया।

ग्लेन फिलिप्स ने 44वें ओवर में सिराज पर छक्के के साथ 40 गेंद के बाउंड्री के सूखे को खत्म किया लेकिन कुलदीप के अगले ओवर में गेंद को हवा में लहराकर रोहित को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने 23 रन बनाए।

मार्क चैपमैन (06) भी बुमराह की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री पर कोहली को कैच दे बैठे जबकि शमी ने सटीक यॉर्कर पर मिशेल सेंटनर (01) का ऑफ स्टंप उखाड़ने के बाद अगली गेंद पर मैट हेनरी (00) का लेग स्टंप उखाड़ा।

मिशेल ने अंतिम ओवर में शमी की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा, कोहली को कैच दे बैठे। पारी की अंतिम गेंद पर लॉकी फर्ग्युसन (01) रन आउट हुए।