Trending

आईटीएफ विश्व टूर : दिग्विजय पर जीत से रामनाथन चैंपियन

एशियाई खेल के रजत पदक विजेता भारतीय खिलाड़ी रामकुमार रामनाथन ने यहां आईटीएफ धारवाड़ पुरुष विश्व टेनिस टूर के फाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त हमवतन दिग्विजय प्रताप सिंह की कड़ी चुनौती से हराकर विजेता बने।

चौथी वरीयता प्राप्त रामनाथन ने दिग्विजय को 7-6 (5), 7-6 (6) से हराया। उन्हें विजेता बनने पर 3600 अमेरिकी डॉलर का चेक और 20 एटीपी अंक का फायदा हुआ। दिग्विजय को उपविजेता रहने पर 2120 अमेरिकी डॉलर और 12 एटीपी अंक मिले।

यह पहली बार था जब ये दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे से भिड़ रहे थे और मैच कड़ा रहा क्योंकि मैच के दौरान कोई सर्विस ब्रेक नहीं हुई। दूसरे टाई-ब्रेक में दिग्विजय ने 4-1 की बढ़त बनाई थी, रामनाथन उनकी गलतियों का फायदा उठाकर जीत दर्ज करने में सफल रहे।

रामनाथन ने इस जीत के बाद कहा, ‘‘ मैं पिछले कुछ सप्ताह से अपने खेल को लेकर संघर्ष कर रहा था। इस जीत से मुझे भविष्य के टूर्नामेंटों के लिए आत्मविश्वास मिलेगा।

कर्नाटक राज्य लॉन टेनिस संघ (केएसएलटीए) ने फाइनल के बाद हांग्झोउ एशियाई खेल में पुरुष युगल में रजत पदक जीतने पर रामनाथन को सम्मानित किया और उन्हें एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया।