Trending

एएफसी कप : इस वजह से मोहन बागान व बशुंधरा किंग्स के मैच पर संशय

मोहन बागान सुपर जायंट्स का मंगलवार को भुवनेश्वर में बशुंधरा किंग्स के खिलाफ एएफसी कप के ग्रुप चरण के मैच पर अनिश्चिता जारी है क्योंकि वीजा मुद्दों के कारण बांग्लादेश का यह क्लब अभी तक भारत नहीं पहुंच सका है।

टूर्नामेंट दिशानिर्देशों के अनुसार विदेशी टीम को दो दिन पहले पहुंचना होता है। बांग्लादेश के इस क्लब के खिलाड़ी वीजा नहीं मिलने के कारण ढाका में है।

सूत्रों के अनुसार, बशुंधरा किंग्स भारत के लिए ‘डबल-एंट्री वीजा (दो बार भारत में प्रवेश की मंजूरी)’ चाहता था क्योंकि उसे इस देश में दो मैच खेलने है, अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ ने ‘सिंगल एंट्री’ के लिए निमंत्रण दिया था।

बशुंधरा का दूसरा मैच मोहन बागान के खिलाफ मैच के 50 दिन बाद 11 दिसंबर को ओडिशा एफसी के खिलाफ है।एआईएफएफ ने बाद में 20 सितंबर को डबल-एंट्री वीजा के लिए निमंत्रण दिया। क्लब के अध्यक्ष मोहम्मद इमरुल हसन के अनुसार, वीजा के लिए नियुक्ति की तारीख एक नवंबर निर्धारित की गई है।

हसन ने एशियाई फुटबॉल परिसंघ की अनुशासनात्मक और नैतिक समिति को लिखा, ‘‘हमने पहले ही अपने टिकट बुक कर लिए है और उड़ान 22 अक्टूबर 2023 को सुबह 10.15 बजे की थी। इसके बारे में सभी पक्षों को सूचित कर दिया गया था।

उन्होंने कहा, ‘‘ हमने टीम के लिए होटल की बुकिंग भी कर ली है। सभी बुकिंग अग्रिम भुगतान के साथ की गई थीं और अब उसमें बदलाव करना संभव नहीं है। कम समय में इतनी अधिक मात्रा में दोबारा टिकट मिलना संभव नहीं है।