वर्ल्ड कप : कोहली व शमी का कमाल, भारत की लगातार पांचवी जीत
विराट कोहली (95 रन) की पारी के बाद मोहम्मद शमी (5 विकेट) की गेंदबाजी से वनडे विश्व कप के 21वें मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया।
वर्तमान टूर्नामेंट में भारत ही एकमात्र टीम है जिसने एक भी मैच नहीं हारा है। यह टीम की लगातार 5वीं जीत रही। दूसरी ओर न्यूजीलैंड की यह पहली हार है। इससे पूर्व टीम में अपने शुरुआती चारों मैच जीते थे।
कीवी टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 10 विकेट खोकर 273 रन बनाए। टीम की ओर से डेरिल मिचेल (130) ने सर्वाधिक रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी भारत ने (274) ने 48 ओवर में 6 विकेट खोकर यादगार जीत दर्ज कर ली। भारत के लिए विराट ने सबसे अधिक 95 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से लॉकी फर्ग्यूसन ने 2 विकेट झटके।
भारत की शुरुआत शानदार रही। पहले विकेट के लिए कप्तान रोहित शर्मा (46) और शुभमन गिल (26) ने 67 गेंदों में 71 रन जोड़े। रोहित और गिल के 5 रन के अंतराल में ही आउट होने से टीम को बड़ा झटका लगा।
कोहली ने तीसरे विकेट के लिए श्रेयस अय्यर (33) के साथ मिलकर 49 गेंदों में 52 रन जोड़े। उन्होंने चौथे विकेट के लिए केएल राहुल (27) के साथ 64 गेंदों में 54 रन जोड़े।
कोहली (340) इस विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। उनके बाद इस सूची में दूसरे नंबर पर भारत के ही रोहित शर्मा (311) है। तीसरे नंबर पर पाक के मोहम्मद रिजवान (294) है।

कोहली ने न्यूजीलैंड की परिपक्व गेंदबाजी आक्रमण का बखूबी सामना करते हुए शानदार पारी खेली। उन्होंने पारी में 91.35 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 104 गेंदों में 95 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 2 छक्के मारे।
यह कोहली के वनडे करियर 69वां अर्धशतक रहा। इस विश्व कप में यह 5 मैचों में उनकी चौथी 50 से अधिक की पारी रही। पिछले मैच में उन्होंने शतक जमाया था।
अपनी इस अहम पारी के दौरान कोहली विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में चौथे स्थान पर भी आ गए है। उन्होंने रोहित शर्मा (1,289) को पीछे छोड़ दिया है।
इस मामले में तेंदुलकर (2,278) रन के साथ पहले, रिकी पोंटिंग (1,743) दूसरे, कुमार संगाकारा (1,532) तीसरे स्थान पर है। कोहली के अब (1,384) रन हो गए है। उन्होंने अपनी 31वीं पारी के दौरान ही इस मुकाम को छू लिया है।
कोहली भारत की ओर से न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में 1,500 रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। इस टीम के खिलाफ उन्होंने अब तक 30 मैचों में 56.59 की औसत और 95.14 की स्ट्राइक रेट से 1,528 रन बनाए है। कीवियों के खिलाफ उन्होंने 5 शतक और 9 अर्धशतक मारे है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे सफल भारतीय खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर है। उन्होंने 42 मैचों में 1,750 रन बनाए थे। दाएं हाथ के बल्लेबाज गिल ने इस मैच के दौरान अपने वनडे क्रिकेट करियर के 2,000 रन भी पूरे कर लिए।
वह इस आंकड़े तक पहुंचने वाले विश्व क्रिकेट के सबसे तेज (38वीं पारी) बल्लेबाज बने। वह 2,000 वनडे रन पूरे करने वाले भारत के 29वें बल्लेबाज बने। वनडे में सबसे तेज 2,000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर हाशिम अमला है। उन्होंने 40 पारियों में यह कारनामा किया था।
मिचेल ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 102.36 की स्ट्राइक रेट से 127 गेंदों में 130 रन बनाए। यह वर्ल्ड कप में मिचेल का पहला और वनडे करियर का 5वां शतक है। भारत के खिलाफ यह उनका पहला वनडे शतक है।
मिचेल वनडे विश्व कप में भारत के खिलाफ 48 वर्ष बाद शतक जड़ने वाले कीवी बल्लेबाज बने। उनसे पहले वनडे विश्व कप के 1975 संस्करण में ग्लेन टर्नर ने भारत के खिलाफ शतक जमाया था।
रचिन रविंद्र ने इस विश्व कप में अपनी शानदार लय को बरकरार रखते तीसरी बार 50 से अधिक का स्कोर किया। उन्होंने 86.21 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 87 गेंदों में 75 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 1 छक्का मारा।
यह वनडे क्रिकेट में उनका तीसरा अर्धशतक रहा। वह इस फॉर्मेट में 1 शतक भी जमा चुके है जो इसी विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ आया था।
मिचेल और रविंद्र की जोड़ी ने इस मैच में बड़ी उपलब्धि हासिल की। दोनों ने भारत के खिलाफ वनडे विश्व कप में न्यूजीलैंड की ओर से किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी (159) का रिकॉर्ड कायम किया।
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। यह वनडे करियर में उनका तीसरा और वनडे विश्व कप में दूसरा 5 विकेट हॉल है।
इसके साथ वह विश्व कप में भारत के लिए सर्वाधिक बार (2) 5 विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। यह न्यूजीलैंड के खिलाफ भी उनका पहला 5 विकेट हॉल है। उन्होंने 10 ओवर के स्पैल में 54 रन देकर 5 विकेट लिए। इस दौरान उनकी इकॉनमी 5.40 की रही।
न्यूजीलैंड के खिलाफ इस यादगार जीत के साथ भारत अंक तालिका में पहले नंबर पर आ गई है। टीम के अब 5 मैचों में 10 अंक हो गए है और उसका नेट रन रेट +1.353 भी काफी बेहतर है।
दूसरी ओर न्यूजीलैंड 8 अंक और +1.353 की नेट रन रेट के साथ दूसरे नंबर पर आ गई है। दक्षिण अफ्रीका टीम 4 मैचों में 3 जीत और 6 अंक के साथ तीसरे नंबर पर है।