Trending

नहीं रहे पूर्व भारतीय कप्तान व लीजेंड्री स्पिनर बिशन सिंह बेदी

भारतीय क्रिकेट फैन्स के लिए वर्ल्ड कप के बीच बुरी खबर आ रही है। भारत के पूर्व कप्तान और लीजेंड्री स्पिनर बिशन सिंह बेदी का सोमवार को 77 साल की आयु में निधन हो गया। बेदी पिछले दो वर्ष से बीमार थे और करीब एक महीने पहले उनके घुटने सहित कई सर्जरी हुई थीं।

इस महान स्पिनर ने 1967 और 1979 के बीच भारत के लिए 67 टेस्ट खेले और 266 विकेट लिए। उन्होंने 10 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों में सात विकेट भी लिए।

बेदी भारत की प्रसिद्ध स्पिनर चौकड़ी जिसमें इरापल्ली प्रसन्ना, बीएस चंद्रशेखर और एस वेंकटराघवन भी थे, उनका हिस्सा थे। उन्होंने भारत की पहली वनडे जीत में अहम भूमिका निभाई थी। 12-8-6-1 के उनके बेहतरीन गेंदबाजी आंकड़ों ने 1975 विश्व कप मैच में पूर्वी अफ्रीका को 120 तक सीमित कर दिया था।

@BCCI

उन्होंने भारत के लिए अपना पहला मैच 31 दिसंबर 1966 को कोलकाता के ऐतिहासिक स्टेडियम ईडन गार्डंस में खेला था। पहला टेस्ट वह वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले थे। वनडे करियर का आगाज उन्होंने 1974 में इंग्लैंड के खिलाफ किया था।

उनका जन्म अमृतसर में 1946 में हुआ था। उन्होंने घरेलू सर्किट में दिल्ली की ओर से खेलते हुए अपना लोहा मनवाया। 370 मैचों में 1,560 विकेट के साथ वह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भारत के लिए सबसे अधिक विकेट चटकाने वाले गेंदबाज रहे।

बेदी ने दिल्ली को 1978-79 और 1979-80 में पहले दो रणजी ट्रॉफी खिताब भी दिलाए। उनके रहते टीम दो बार उपविजेता भी रही। संयोग से, टीम ने उनकी अगुवाई में पांच साल के अंतराल में चार फाइनल खेले।