Trending

वर्ल्ड कप : अफगानिस्तान का शानदार प्रदर्शन जारी, पाक को 8 विकेट से हराया

इब्राहिम जादरान (87 रन), रहमत शाह (नाबाद 77 रन), रहमनुल्लाह गुरबाज (65 रन), कप्तान हसमतुल्लाह शाहिदी (नाबाद 48 रन) की पारी के बाद नूर अहमद (3 विकेट) की गेंदबाजी से अफगानिस्तान ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए यहां खिताब के एक अन्य दावेदार पाक को आठ विकेट से मात देकर वनडे वर्ल्ड कप में एक और उलटफेर करके अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा।

अफगानिस्तान की वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाक के खिलाफ यह पहली जीत है। इससे उसके पांच मैच में चार अंक हो गए है। पाकिस्तान के भी इतने ही अंक है, लगातार तीसरी हार से उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को करारा झटका लगा है।

अफगानिस्तान के सामने 283 रन का लक्ष्य था। रहमनुल्लाह गुरबाज (53 गेंद पर 65 रन) और इब्राहिम जादरान (113 गेंद पर 87 रन) ने पहले विकेट के लिए 130 रन जोड़कर अफगानिस्तान को शानदार शुरुआत दिलाई।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

रहमत शाह (84 गेंद पर नाबाद 77 रन) और कप्तान हसमतुल्लाह शाहिदी (45 गेंद पर नाबाद 48 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 96 रन की अटूट साझेदारी की जिससे अफगानिस्तान ने 49 ओवर में दो विकेट पर 286 रन बनाकर जीत हासिल की।

पिछले कुछ मैचों में रन बनाने के लिए जूझने वाले बाबर ने 92 गेंद पर 74 रन बनाए जिसमें चार चौके और एक छक्का है।शफीक ने 75 गेंद पर 58 रन की पारी खेली, शादाब खान (38 गेंद पर 40) और इफ्तिखार अहमद (27 गेंद पर 40) ने बाद के ओवरों में छठे विकेट के लिए 73 रन की उपयोगी साझेदारी की।

इससे पाकिस्तान सात विकेट पर 282 रन बनाने में सफल रहा, अफगानिस्तान ने इसे बौना साबित कर दिया। जादरान और गुरबाज ने शुरू से ही सतर्कता और आक्रामकता का अच्छा नमूना पेश किया।

उन्होंने पाक के प्रमुख गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी के पहले ओवर में 10 रन लेकर संकेत दे दिए थे कि वे गेंदबाजों को हावी नहीं होने देंगे। हारिस रऊफ अपना पहला ओवर करने आए तो बल्लेबाजों ने चार चौकों से उसमें 17 रन बटोरे। अफगानिस्तान ने पहले 10 ओवर में बिना किसी नुकसान के 60 रन बनाए।

गुरबाज ने 38 गेंद पर अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया, जादरान उनसे पहले 54 गेंद पर इस मुकाम पर पहुंचे थे। अफरीदी ने 22वें ओवर में गुरबाज को आउट करके पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई, तब तक यह सलामी जोड़ी अफगानिस्तान की तरफ से विश्व कप में दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी निभा चुकी थी। गुरबाज ने अपनी पारी में नौ चौके और एक छक्का जड़ा।

जादरान ने रहमत शाह के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े, हसन अली की गेंद पर विकेट के पीछे कैच देने से वह वनडे में अपना पांचवा शतक पूरा नहीं कर सके। जादरान की पारी में 10 चौके है।

रहमत शाह ने 58 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया और शाहिदी के साथ मिलकर पाकिस्तान के गेंदबाजों को कोई अवसर नहीं दिया तथा अपनी टीम को विश्व कप में तीसरी जीत दिलाई।

रहमत शाह ने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के मारे, शाहिदी ने चार चौके जड़े जिसमें विजयी चौका भी है। इससे पहले धीमी गति के गेंदबाजों के लिए अनुकूल पिच पर अफगानिस्तान ने चार स्पिनर अपनी अंतिम एकादश में जगह मिली।

इनमें बाएं हाथ की कलाई के स्पिनर नूर अहमद सबसे सफल रहे। उन्होंने 49 रन देकर तीन विकेट झटके। तेज गेंदबाज नवीन उल हक ने 52 रन देकर दो विकेट झटके।

ऑफ स्पिनर मोहम्मद नबी (31 रन देकर एक विकेट) ने किफायती गेंदबाजी की, प्रमुख स्पिनर राशिद खान और मुजीब उर रहमान को कोई सफलता नहीं मिली।

पाक टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और पहले पावरप्ले के 10 ओवर में बिना किसी नुकसान के 56 रन बनाए। इसमें शफीक का योगदान महत्वपूर्ण रहा जिन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के मारे।

उनके सलामी जोड़ीदार इमाम उल हक हालांकि 17 रन बना सकी और पावरप्ले के तुरंत बाद मध्यम गति के गेंदबाज अजमत उमरजई (पांच ओवर में 50 रन देकर एक विकेट) की पहली गेंद पर मिडविकेट पर कैच दे बैठे।

बाबर और शफीक ने भी दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय (52 रन) साझेदारी की। नूर अहमद ने शफीक को पगबाधा आउट करके अपना पहला विकेट लिया।

उन्होंने इसके बाद बेहतरीन फॉर्म में चल रहे मोहम्मद रिजवान (08) को शार्ट फाइन लेग पर कैच कराकर अफगानिस्तान को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई।

बाबर जब बड़ी पारी खेलने की तरफ बढ़ रहे थे तब विश्व कप के सबसे युवा खिलाड़ी नूर अहमद ने उन्हें कवर में कैच आउट कराकर पाक की डेथ ओवरों की रणनीति गड़बड़ाने की कोशिश की।

इस बीच नबी ने सौद शकील (25) को अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठाने दिया। शादाब और इफ्तिखार ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन जुटाए। नवीन अल हक ने इन दोनों को पारी के अंतिम ओवर में आउट किया। इफ्तिखार ने अपनी पारी में चार छक्के मारे।