आईएसएल: हैदराबाद ने चेन्नइयन एफसी को 1-0 से दी मात
इंडियन सुपर लीग 2023-24 की अंक तालिका में मौजूद दो फिसड्डी टीमों के मैच में बाजी मारी चेन्नइयन एफसी ने। सोमवार रात गाचीबोवली स्टेडियम में खेले गए सीजन 10 मैच में चेन्नइयन एफसी ने मेजबान हैदराबाद एफसी को 1-0 से मात देकर जीत दर्ज की।
स्कॉटिश फॉरवर्ड कॉनर शील्ड्स ने सातवें मिनट में चेन्नइयन एफसी की जीत के लिए एकमात्र गोल दागा। कॉनर शील्ड्स को अपने गोल और जुझारूपन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
यह मरीना मचान्स की सीजन 10 की पहली जीत रही है। हेड कोच ओवेन कॉयल के मरीना मचान्स को यह जीत हार की हैट्रिक लगाने के बाद मिली है और वे चार मैचों में एक जीत और तीन हार से तीन अंक लेकर तालिका में अंतिम से दसवें स्थान पर आ गए है।

हैदराबाद एफसी के मुख्य कोच थांगबोई सिंगतो अपनी टीम द्वारा हार की अनचाही हैट्रिक बनाने से निराश होंगे। हैदराबाद तीन मैचों में लगातार तीसरी हार से खाता खोले बिना अंक तालिका की सबसे फिसड्डी टीम बनी, क्योंकि वो ग्यारहवें से लुढ़ककर बारहवें स्थान आ गई है।
मैच का एकमात्र गोल सातवें मिनट में आया, स्कॉटिश फॉरवर्ड कॉनर शील्ड्स ने चेन्नइयन एफसी को शुरुआती बढ़त दिलाते हुए स्कोर 1-0 कर दिया।
मिडफील्डर अंकित मुखर्जी ने बॉक्स के अंदर दाहिनी तरफ से तेज क्रॉस डाला, जिस पर कॉनर ने छह गज के खतरनाक इलाके में पहुंच कर लेफ्ट फुटेड टच से गेंद को लेफ्ट बॉटम कॉर्नर के अंदर पहुंचा दिया, हैदराबाद के गोलकीपर गुरमीत सिंह के पास इस नजदीकी शॉट से बचाव का अवसर नहीं था।
पहला हाफ कॉनर शील्ड्स के गोल से चेन्नइयन एफसी के नाम रहा। हैदराबाद एफसी ने 73 फीसदी गेंद पर नियंत्रण रखकर मध्यांतर से पहले दबदबे भरा खेल दिखाया। उसकी तरफ से पांच शॉट लगाए गए, जिनमें से दो टारगेट पर थे।
गेंद कब्जाने के लिए मरीना मचान्स को चौदह फाउल करने पर मजबूर होना पड़ा, जिसमें से लेफ्टबैक आकाश सागवान और विंगर रहीम अली को येलो कार्ड दिखाया गया। चेन्नइयन की ओर से एकमात्र शॉट टारगेट पर रहा, जिस पर कॉनर शील्ड्स का गोल आया।
यह आईएसएल में दोनों टीमों के बीच नौवां मैच खेला गया और आज चेन्नइयन एफसी ने चौथी जीत दर्ज की, हैदराबाद एफसी ने तीन मैच जीते है। दोनों के बीच दो मैच ड्रा रहे है।