Trending

37वें राष्ट्रीय खेल : पूर्व विजेता सौरभ वर्मा को मात देकर बैडमिंटन स्टार एम. तरुण ने जीता खिताब

गोवा में जारी 37वें राष्ट्रीय खेल में युवा बैडमिंटन स्टार एम. तरुण ने बैडमिंटन में एक बड़ा उलटफेर कर दिया है। तरुण ने यहां श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में हुए पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन सौरभ वर्मा को हराकर खिताब जीता।

बीडब्ल्यूएफ एकल रैंकिंग में 269वें नंबर पर काबिज तरुण ने एक घंटे 10 मिनट तक चले मैच में सौरभ को हराया। चौथी सीड तरुण ने तीन गेमों तक चले मैच में सौरभ को 21-15, 16-21, 21-15 से मात देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर लिया।

नेशनल चैंपियनशिप में तीन बार पुरुष एकल वर्ग में विजेता रह चुके भारतीय शटलर सौरभ मैच के दौरान पहला गेम ही हार बैठे। उन्होंने दूसरे गेम वापसी की और मैच को बराबरी पर ला दिया।

साभार : गूगल

तरुण ने अपना संयम कायम रखते हुए तीसरे गेम को जीतकर मैच और खिताब जीता। इस जीत के साथ ही तरुण ने अब सौरभ के खिलाफ अपना करियर रिकॉर्ड 2-0 का कर लिया है। तरुण ने इससे पहले सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन और दूसरी सीड एम मिथुन को और क्वार्टर फाइनल में अलप मिश्रा को हराकर खिताबी मैच में प्रवेश किया।

मौजूदा समय में वर्ल्ड नंबर-65 सौरभ वर्मा तीसरी बार राष्ट्रीय खेलों में भाग ले रहे थे। इससे पहले वह 2011 और 2015 में इसमें पदक जीत चुके थे। 2015 में उन्होंने पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा वह 2018 में रूसी और डच ओपन, 2019 में हैदराबाद ओपन और वियतनाम ओपन में चैंपियन रहे थे।