Trending

वर्ल्ड कप : दक्षिण अफ्रीका की जीत में डिकॉक व क्लासेन ने दिखाया कमाल

क्विंटन डिकॉक (174 रन) की शतकीय पारी और हेनरिक क्लासेन (90 रन) की पारी के बाद गेराल्ड कोएट्जी (तीन विकेट) की गेंदबाजी से दक्षिण अफ्रीका ने महमुदुल्लाह के शतक के बावजूद यहां बांग्लादेश को 149 रन से मात देकर वनडे विश्व कप में अपनी चौथी जीत हासिल की।

दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 382 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में बांग्लादेश 46.4 ओवर में 233 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

दक्षिण अफ्रीका के पांच मैच में चार जीत से आठ अंक हो गए है और वह अंक तालिका में भारत के बाद दूसरे स्थान पर आ गया है। बांग्लादेश की यह लगातार चौथी हार है, जिससे उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद खत्म हो गई है। बांग्लादेश इस हार से अंतिम स्थान पर आ गया है।

डिकॉक ने 140 गेंद पर 174 रन बनाकर अपना तीसरा शतक मारा। उनकी पारी में 15 चौके और सात छक्के है। उन्होंने कप्तान एडेन मार्कराम (69 गेंद पर 60 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 131 रन की साझेदारी करके टीम को शुरुआती झटकों से बाहर निकला।

डिकॉक ने क्लासेन के साथ चौथे विकेट के लिए 87 गेंद पर 142 रन जोड़े। क्लासेन ने 49 गेंद पर 90 रन बनाए, जिसमें दो चौके और आठ छक्के है।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

उन्होंने डेविड मिलर (15 गेंद पर नाबाद 34) के साथ 25 गेंद पर 65 रन की साझेदारी की। इससे दक्षिण अफ्रीका अंतिम 10 ओवर में 144 रन जोड़ने में सफल रहा।

बांग्लादेश पर एक समय सस्ते में आउट होने का खतरा मंडरा रहा था क्योंकि उसके छह विकेट 81 रन पर निकल गए थे।
बांग्लादेश अगर 200 रन के पार पहुंच पाया तो उसका श्रेय छठे नंबर के बल्लेबाज महमुदुल्लाह को जाता है जिन्होंने 111 गेंद पर 111 रन बनाए जिसमें 11 चौके और चार छक्के है।

दक्षिण अफ्रीका की तरफ से गेराल्ड कोएत्जी ने तीन, लिजाड विलियम्स, कागिसो रबाडा और मार्को यानसन ने दो-दो विकेट झटके।

बांग्लादेश बड़े लक्ष्य के दबाव में शुरू में ही बिखर गई। यानसन ने पारी के सातवें ओवर की पहली दो गेंदों पर तंजिद हसन (12) और नजमुल हसन शंटो (00) को आउट किया।

कप्तान शाकिब अल हसन (01) ने उनकी हैट्रिक नहीं बनने दी, लिजाड विलियम्स ने उन्हें अगले ओवर में पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। इन तीनों के कैच क्लासेन ने लिए।

एक अन्य अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम (08) भी टिककर नहीं खेल पाए। उनके गेराल्ड कोएत्जी की गेंद पर आउट होने से बांग्लादेश का स्कोर चार विकेट पर 42 रन हो गया। कागिसो रबाडा ने सलामी बल्लेबाज लिटन दास की 44 गेंद पर 22 रन की पारी का अंत किया।

महमुदुल्लाह ने एक छोर पर पांव जमा कर दक्षिण अफ्रीका का जीत का इंतजार बढ़ाया। उन्हें निचले क्रम के बल्लेबाजों से अच्छा सहयोग मिला, जिससे वहां अपने वनडे करियर का चौथा शतक मारकर हार का अंतर कम करने में कामयाब रहे। उन्होंने 104 गेंद पर अपना शतक पूरा किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए आई दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही तथा उसने रीजा हेंडरिक्स (12) और रासी वान डेर डुसेन (01) के विकेट जल्दी गवा दिए। इससे दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर 36 रन हो गया।

पहले 10 ओवर में बांग्लादेश का दबदबा रहा तो इसके बाद दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने शानदार वापसी की। बांग्लादेश के स्पिनरों ने शुरू में उनको दबाव में रखा, डिकॉक जैसे बल्लेबाज को लंबे टाइम तक मौन नहीं रखा जा सकता था।

उन्होंने कप्तान शाकिब अल हसन पर छक्का मारकर अपना मौन तोड़ा, महमुदुल्लाह पर रिवर्स स्वीप से लगाया गया उनका छक्का दर्शनीय था। मार्कराम ने इस बीच सहयोगी की भूमिका अच्छी तरह से निभाई।

उन्होंने मिराज पर चौका मारकर अपने वनडे करियर का नौवां अर्धशतक पूरा किया। मार्कराम शाकिब की गेंद पर एक हाथ से लॉफ्टेड शॉट लगाने के प्रयास में लॉन्ग ऑफ पर कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके मारे।

डिकॉक वानखेड़े स्टेडियम के अपने पसंदीदा मैदान पर लंबी पारी खेलने के लिए प्रतिबद्ध थे। उन्होंने ठीक 100 गेंद पर अपना तीसरा और वनडे करियर का 20वां शतक पूरा किया।

इसके बाद उन्होंने अधिक तेजी दिखाकर शोरिफुल पर छक्का मारा तथा शाकिब के एक ओवर में दो छक्के और दो चौके जड़कर 22 रन बटोरे।

जब लग रहा था कि डिकॉक वनडे में अपना पहला दोहरा शतक लगाने में सफल रहेंगे तब उन्होंने हसन महमूद (67 रन देकर दो विकेट) की गेंद बैकवर्ड प्वाइंट पर उछाल दी जहां नासुम अहमद ने उसे बड़ी खूबसूरती से कैच में बदल दिया।

क्लासेन को देखकर लग रहा था कि वह इंग्लैंड के खिलाफ पिछले मैच में खेली गई अपनी 109 रन की पारी को ही आगे बढ़ा रहे है। उन्होंने शुरू से आक्रामक रवैया अपनाया।

उन्होंने मुस्तफिजुर रहमान के एक ओवर में दो छक्के और एक चौका मारा, मिलर ने शोरिफुल के ओवर में यही कारनामा दिखाया। क्लासेन हसन महमूद के धीमे बाउंसर पर स्वीपर कवर पर कैच देने की वजह से अपना लगातार दूसरा शतक पूरा नहीं कर पाए। मिलर ने अपनी पारी में एक चौका और चार छक्के मारे।