लाइट शो पर वार्नर के जवाब से मैक्सवेल चुप
वनडे वर्ल्ड कप में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में जो मैच खेले जा रहे है, उसमें स्टेडियम में लाइट शो होता है। जिसका फैन्स काफी लुत्फ भी उठा रहे है, इस लाइट शो से ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल बिल्कुल भी खुश नहीं है।
ग्लेन मैक्सवेल का मानना है कि इस लाइट शो से प्लेयर्स को दिक्कत होती है और यह बहुत ही बेवकूफी भरा आइडिया है। ऑस्ट्रेलिया के ही सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर की सोच इस मामले में बिल्कुल अलग है।
वॉर्नर का मानना है कि फैन्स के बिना कुछ नहीं हो सकता है और यह लाइट शो फैन्स के लिए किया जाता है। ग्लेन मैक्सवेल ने इसे बहुत ही वाहियात आइडिया बताया है।
ऑस्ट्रेलिया बनाम नीदरलैंड मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम पर बुधवार को हुआ। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड कप इतिहास की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

इस जीत में वॉर्नर और मैक्सवेल दोनों का अहम योगदान रहा। मैक्सवेल ने इस मैच के दौरान 40 गेंदों पर शतक ठोका, जो वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक है।
ग्लेन मैक्सवेल ने लाइट शो को लेकर कहा, ‘लाइट शो डरावना आइडिया है, इसके बाद आंखों को एडजेस्ट करने में कुछ समय लग जाता है।
किसी भी क्रिकेटर के लिए यह सबसे बेवकूफी भरा आइडिया है। हां यह फैन्स के लिए अच्छा है, लेकिन प्लेयर्स के लिए यह भयावह है।
मैक्सवेल के इस बयान पर वॉर्नर ने ट्वीट किया, ‘मुझे लाइट शो बहुत ज्यादा पसंद आया, क्या शानदार एटमॉसफियर था, यह सिर्फ फैन्स के बारे में है, फैन्स के बिना हम वह नहीं कर पाते, तो हमें करना पसंद है।
मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में आठ विकेट पर 399 रन बनाए। 400 रनों के टारगेट के आगे नीदरलैंड की टीम 90 रनों पर ही ऑलआउट हो गई।
वॉर्नर ने 93 गेंदों पर 104 रन बनाए, मैक्सवेल 44 गेंदों पर 106 रन बनाकर आउट हुए। स्टीव स्मिथ ने 71 जबकि मार्नस लाबुशेन ने 62 रनों की पारी खेली।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से एडम जाम्पा ने चार विकेट झटके। वर्ल्ड कप अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया छह पॉइंट्स के साथ चौथे पायदान पर है। वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, लेकिन पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन टीम अब फॉर्म में लगता है लौट आई है।