Trending

पीएम मोदी ने किया 37वें राष्ट्रीय खेल का उद्घाटन, गोवा की तारीफ में बोली ये बात

गोवा के मडगांव में 37वें राष्ट्रीय खेल का उद्घाटन पीएम मोदी ने किया। 26 अक्टूबर से नौ नवंबर तक चलने वाले इस खेल मेले में विभिन्न खेलों के लगभग 10,000 एथलीट भाग लेंगे। गोवा में जन्मी भारतीय पेशेवर विंड सर्फर कात्या इडा कोएल्हो ने पीएम को मशाल सौंपी।

@Nat_Games_Goa

फतोर्दा के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में भव्य उद्घाटन समारोह में सुखविंदर सिंह और राज्य की हेमा सरदेसाई समेत प्रसिद्ध कलाकारों ने प्रदर्शन किया।

इसमें भाग लेने वाले 28 टीमों के एथलीट ने परेड की। समारोह राष्ट्रीय एकता की थीम पर आधारित रहा, जिसमें 600 कलाकार शामिल हुए। इस टूर्नामेंट में 28 स्थलों पर 43 खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।

इस दौरान पीएम मोदी ने गोवा की जमकर तारीफ की और सबको राष्ट्रीय खेलों की बधाई दी। उन्होंने गोवा में फुटबॉल के प्रति दीवानगी की भी सराहना की।

पीएम ने कहा “खेलों में भारत की सफलता देश की समग्र सफलता की कहानी से अलग नहीं है। भारत नए कीर्तिमान बना रहा है और सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है और इसे देश की पिछले 30 दिनों की उपलब्धि से देखा जा सकता है।

उन्होंने कहा “किसी भी देश में खेल क्षेत्र के विकास का सीधा संबंध उस देश की अर्थव्यवस्था की प्रगति से होता है। जब किसी देश में नकारात्मकता और निराशा होती है, तो इसका असर जमीन पर और जीवन में दिखता है।

उन्होंने कहा “राष्ट्रीय खेल उस समय आयोजित हो रहे है जब भारतीय एथलीट विश्व स्तर पर नया इतिहास लिख रहे है। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा “ये राष्ट्रीय खेल सभी खिलाड़ियों के लिए एक मजबूत ‘लॉन्च पैड’ है… सभी खिलाड़ियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा और सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ने होंगे।

पीएम ने कहा “भारत में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है; देश ने कई चैंपियन पैदा किए है… 2014 के बाद, हमने देश के खेल बुनियादी ढांचे, चयन प्रक्रिया और एथलीटों का समर्थन करने वाली वित्तीय योजनाओं में बदलाव लाने के लिए कई प्रयास किए है।

उन्होंने कहा “मैंने आईओसी को आश्वासन दिया है कि भारत 2030 में युवा ओलंपिक और 2036 में ओलंपिक की मेजबानी करने के लिए तैयार है… 2036 तक, भारत प्रमुख आर्थिक शक्तियों में से एक होगा, और देश में एक बहुत बड़ा मध्यम वर्ग होगा।

भारत का अंतरिक्ष से लेकर खेल तक हर जगह डंका बजेगा…आधुनिक इंफ्रा पर खर्च करने को तैयार है भारत और इसीलिए तब तक ओलंपिक भी हमारे लिए आसान हो जाएगा। राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन समारोह में गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने सभी प्लेयर्स को संबोधित किया।