Trending

निसांका, सदीरा व लाहिरू का कमाल, श्रीलंका ने इंग्लैंड को 8 विकेट से दी शिकस्त

पाथुम निसांका (नाबाद 77 रन), सदीरा समरविक्रमा (नाबाद 65 रन) की पारी के बाद लाहिरू कुमारा (तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से श्रीलंका ने यहां 146 गेंद शेष रहते हुए आठ विकेट से बड़ी जीत हासिल करके गत चैंपियन को अगर मगर की कठिन डगर पर खड़ा कर दिया।

वर्ल्ड कप

श्रीलंका की यह विश्व कप में इंग्लैंड पर लगातार पांचवीं जीत है। उसने 2003 से अपने इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ कोई मैच नहीं गंवाया है।

इस टूर्नामेंट में इंग्लैंड की पांच मैच में यह चौथी हार है जिससे उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना क्षीण पड़ गई है। श्रीलंका ने पांच मैच में दूसरी जीत दर्ज करके पांचवें स्थान पर पहुंचकर अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा है।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

इंग्लैंड पहले बल्लेबाजी करते हुए 33.2 ओवर में 156 रन पर आउट हो गई। श्रीलंका ने 25.4 ओवर में दो विकेट पर 160 रन बनाकर मैच को एक तरफ बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

निसांका ने 83 गेंद पर सात चौकों और दो छक्कों से नाबाद 77 रन बनाए। समरविक्रमा ने 54 गेंद पर नाबाद 65 रन की पारी खेली जिसमें सात चौके और एक छक्का है। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 137 रन की अटूट साझेदारी की।

इंग्लैंड को अपने आक्रामक रवैये पर लौटने की जरूरत थी, बल्लेबाजों के गैरजिम्मेदाराना प्रदर्शन से उसकी टीम 33.2 ओवर में आउट हो गई। असमान उछाल ले रही पिच पर उसके बल्लेबाज जूझते हुए दिखे। बेन स्टोक्स (73 गेंद पर 43 रन) को छोड़कर उसका कोई भी अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

श्रीलंका की तरफ से लाहिरू कुमारा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 35 रन देकर तीन विकेट लिए, एंजेलो मैथ्यूज और कासुन रजिता ने दो-दो विकेट लिए। छोटे लक्ष्य के सामने श्रीलंका की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही।

तेज गेंदबाज डेविड विली (30 रन देकर दो) ने पहले छह ओवर के अंदर सलामी बल्लेबाज कुसल परेरा (04) और कप्तान कुसल मेंडिस (11) को आउट करके श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 23 रन कर दिया था। मेंडिस को जीवनदान भी मिला था, वह इसका फायदा नहीं उठा पाए।

निसांका शुरू से आक्रामक मूड में दिखे। क्रिस वोक्स की लगातार गेंद पर लगाए गए उनके दो चौके दर्शनीय थे। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने नौवें ओवर में ही गेंद लेग स्पिनर आदिल राशिद को सौंप दी।

निसांका ने उनका स्वागत चौके और छक्के से करके इंग्लैंड की यह रणनीति भी नहीं चलने दी। निसांका ने मार्क वुड पर चौका मारकर 54 गेंद में अपना लगातार चौथा अर्धशतक पूरा किया।

समरविक्रमा ने भी राशिद की गेंद छह रन के लिए भेजी। उन्होंने 44 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया जो टूर्नामेंट में उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। उन्होंने मोईन अली पर भी लगातार दो चौके मारे, निसांका ने राशिद पर विजयी छक्का मारा।

डेविड मलान (25 गेंद पर 28 रन) और जॉनी बेयरस्टो (31 गेंद पर 30 रन) ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़कर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरे इंग्लैंड को आक्रामक शुरूआत दिलाई। यह साझेदारी टूटने के बाद इंग्लैंड की पारी लड़खड़ा गई और उसकी आधी टीम 85 रन के स्कोर तक पवेलियन पहुंच गई।

मलान आउट होने वाले पहले बल्लेबाज थे। वह मैथ्यूज की गेंद पर असमंजस की स्थिति में दिखे और विकेटकीपर कुसल मेंडिस को कैच दे बैठे।

जो रूट (03) तेजी से रन लेने के प्रयास में रन आउट हुए, कप्तान जोस बटलर (08) कुमारा की ऑफ स्टंप से बाहर जा रही गेंद पर ड्राइव लगाने के प्रयास में विकेट के पीछे कैच देकर पवेलियन लौटे।

बेयरस्टो भी रजिता की गेंद पर सही टाइमिंग से शॉट नहीं लगा पाए। उन्होंने मिड ऑन पर धनंजय डिसिल्वा को आसान कैच दिया।

लियाम लिविंगस्टोन (01) भी कुमारा की गेंद पर गलत लाइन में खेल रहे थे और पगबाधा आउट हो गए। मोईन अली (15) को मैथ्यूज की गेंद पर कट करने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने प्वाइंट पर खड़े कुसल परेरा को आसान कैच किया।

इंग्लैंड को इन बल्लेबाजों से जिम्मेदारी भरी पारी की जरूरत थी, उन्होंने अपनी गलतियों से विकेट गंवाए। स्टोक्स ने हालांकि जिम्मेदारी दिखाई। वह जब 12 रन पर खेल रहे थे तो सदीरा समरविक्रमा ने उन्हें जीवन दान दिया। इस ऑलराउंडर ने इसका फायदा उठाकर कुछ आकर्षक शॉट मारे।

उन्होंने कुमारा की गेंद पर सीमा रेखा पर कैच दिया इसके बाद इंग्लैंड की पारी सिमटने में देर नहीं लगी। डेविड विली 14 रन बनाकर नाबाद रहे।