Trending

वर्ल्ड कप मैच से पहले गिरी कोलकाता के ईडन गार्डन्स की दीवार

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होने वाले वर्ल्ड कप के पहले मैच से पूर्व एक बड़ी दुर्घटना होने की खबर सामने आ रही है। एक अंग्रेजी अखबार की खबर के अनुसार स्टेडियम की बाहरी दीवार का एक हिस्सा अर्थ-मूविंग मशीन से टकरा जाने के बाद ढह गया है।

हालांकि, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के अधिकारियों ने कहा कि मरम्मत कार्य के दौरान यह हादसा हुआ था और क्षतिग्रस्त हिस्से को जल्द से जल्द ठीक करने का प्रयास हो रहा है। दीवार का जो हिस्सा गिरा वह गेट 3 और 4 के बीच है, और स्टेडियम में फ्लडलाइट टावरों में से एक के करीब है।

शनिवार को नीदरलैंड्स वर्सेस बांग्लादेश मैच के रूप में ईडन गार्डन्स पर वर्ल्ड कप का पहला मैच खेला जाएगा। इसके बाद मंगलवार को पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश मैच होगा।

5 नवंबर को भारत का मैच दक्षिण अफ्रीका से होगा, वहीं 11 नवंबर को इंग्लैंड का मैच पाकिस्तान से होगा। 16 नवंबर को ईडन गार्डन्स के मैदान पर ही सेमीफाइनल होगा।

ईडन गार्डन्स के इस ऐतिहासिक मैदान पर वर्ल्ड कप का पहला मैच नीदरलैंड्स और बांग्लादेश के बीच खेला जाना है। यह दोनों टीमें लगभग टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।

इस मैच में हारने वाली टीम का अधिकारिक रूप से वर्ल्ड कप का सफर खत्म हो सकता है। दूसरा मैच यहां पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच होगा। वर्ल्ड कप में खराब फॉर्म से जूझ रही बाबर आजम की टीम के लिए सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए यह मैच इंपोर्टेंट रहने वाला है।

तीसरा मैच भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होगा, रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इंडिया इससे पहले दो और मैच खेलेगी। भारत की नजरें उन दोनों मैच को जीतकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने पर होगी।

अगर भारत को इन दो में से किसी एक मैच में हार मिलती है तो ईडन गार्डन्स में भारत सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करना चाहेगा। 11 नवंबर को यहां इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान मैच के रूप में लीग स्टेज का आखिरी मैच खेला जाएगा। अगर पाकिस्तान अपने पिछले मैच जीतती है तो यहां फैन्स को रोमांचक मैच होने की उम्मीद रहेगी।