इंग्लैंड के खिलाफ जीत का छक्का लगाने का इरादा रखेगी टीम इंडिया
लखनऊ : वनडे वर्ल्ड कप में अब तक अजेय टीम इंडिया रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ जीत का छक्का लगाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। गत विजेता को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए इस मैच को हर हाल में जीतना होगा।
2019 के विजेता इंग्लैंड के लिए मौजूदा विश्व कप का सफर बेहद निराशाजनक रहा है, ऐसे में इंग्लैंड की कोशिश भारत के खिलाफ जीत हासिल कर खोए आत्मविश्वास को वापस पाने की होगी, इसके लिए उन्हे कप्तान रोहित शर्मा और शानदार फार्म में चल रहे विराट पर काबू पाना होगा।
इंग्लैंड के खिलाफ विराट का प्रदर्शन अभी तक औसत रहा है, बदले हालात में विराट को रोकना गोरे गेंदबाजों के लिए आसान नहीं होगा, विराट इस मैच में शतक लगाकर अपने आदर्श सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर सकते है।

इकाना स्टेडियम की पिच अब तक बल्लेबाजों के लिये मददगार साबित हुई है, ऐसे में यहां रनो का अंबार लगने की पूरी संभावना है।
पिछले मैच में भारत की जीत में अहम भूमिका अदा करने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और इंग्लैंड के खिलाफ शानदार रिकार्ड रखने वाले रविचंद्रन अश्विन के अंतिम एकादश में शामिल किए जाने पर भी खेल प्रेमियों की नजर रहेगी।
लोकल ब्वाय कुलदीप यादव घरेलू दर्शकों की मौजूदगी में भारत के लिये तुरूप का इक्का साबित हो सकते है। सिक्सर किंग रोहित शर्मा विश्वकप में विरोधी टीमों के लिए सिरदर्द साबित हुए है।
आक्रामक बल्लेबाजी कर गेंदबाजों पर दवाब बनाने की उनकी रणनीति अभी तक कमाल की रही है जिसके चलते मध्यक्रम के बल्लेबाजों को बेखौफ होकर खेलने का अवसर मिल रहा है, इस विश्व कप में भारतीय मध्य क्रम की असली परीक्षा होनी बाकी है।
रोहित सेना को अच्छी तरह पता है कि लगातार हार के बावजूद इंग्लैंड कभी भी वापसी कर सकता है, इसलिए वह इसे हल्के में लेने की भूल नहीं करेंगे।
इंग्लैंड का प्रदर्शन उनके बल्लेबाज रूट की बल्लेबाजी पर कुछ हद तक निर्भर करेगा। भारतीय उपमहाद्वीप की धीमी पिचों पर इस अंग्रेज बल्लेबाज का रिकार्ड अहम रहा है।
इकाना स्टेडियम की बात करें तो यहां लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम की सफलता का प्रतिशत कहीं ज्यादा है, ऐसे में अभी तक रन चेज करने में सफल रही भारतीय टीम अगर टॉस जीतती है तो उसका चयन एक बार फिर पहले क्षेत्ररक्षण का होगा। वैसे भी शाम के समय इस मैदान पर ओस की भूमिका अहम रहने वाली है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या (उपलब्ध नहीं), रविंद्र जड़ेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी, सूर्यकुमार यादव, शार्दुल ठाकुर
इंग्लैंड: जॉनी बेयरस्टो, डेविड मालन, जो रूट, बेन स्टोक्स, हैरी ब्रुक, जोस बटलर (विकेटकीपर/कप्तान), डेविड विली, आदिल राशिद, क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, मार्क वुड, ब्रायडन कार्स, मोइन अली, लियाम लिविंगस्टोन, सैम करन