Trending

नीदरलैंड ने किया उलटफेर, सेमीफाइनल से बांग्लादेश लगभग बाहर

स्कॉट एडवर्ड्स (68 रन), वेस्ली बारेसी (41 रन) की पारी से नीदरलैंड ने बांग्लादेश को 87 रन से मात देकर वनडे वर्ल्ड कप में एक और उलटफेर किया। नीदरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 229 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश 42.2 ओवर में 142 रन पर ढेर हो गई।

वर्ल्ड कप

बांग्लादेश की यह पांचवीं हार है। टीम के छह मैच में दो अंक हैं और वह सेमीफाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो गया है। नीदरलैंड के छह मैच में दूसरी जीत से चार अंक हो गए हैं और उसकी उम्मीद अभी भी जिंदा है।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

क्वालीफाइंग में दो बार की विजेता वेस्टइंडीज को मात देकर बाहर का रास्ता दिखाने वाली नीदरलैंड की बांग्लादेश के खिलाफ जीत के हीरो कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स तथा तेज गेंदबाज पॉल वान मीकरेन रहे।

एडवर्ड्स में 89 गेंद पर 68 रन की पारी खेली। उन्होंने साइब्रैंड एंगलब्रेख्त (61 गेंद पर 35 रन) के साथ छठे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी की। वेस्ली बारेसी ने 41 रन की पारी खेली, लोगान वान बीक ने अंतिम ओवरों में 16 गेंद पर नाबाद 23 रन की पारी खेली।

मीकरेन ने 23 रन देकर चार विकेट लिए और अपने कम स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव करने में अहम भूमिका निभाई। बांग्लादेश के छह बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे जिनमें मेहदी हसन मिराज ने सर्वाधिक 35 रन बनाए।

बांग्लादेश ने लिटन दास (03) और तंजीद हसन (15) के विकेट लगातार ओवरों में गंवाए। इससे छठे ओवर तक बांग्लादेश का स्कोर दो विकेट पर 19 रन हो गया। बांग्लादेश ने पहले 10 ओवर में 39 रन बनाए। मिराज ने अपने पहले चार ओवर में छह रन देने वाले आर्यन दत्त के एक ओवर में दो चौके और एक छक्का मारा।

बांग्लादेश दबाव हटाने की कोशिश कर रहा था कि पॉल वान मीकरेन ने नजमुल हसन शंटो (09), कप्तान शाकिब अल हसन (07) और अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम (01) को आउट करके बांग्लादेश के मध्यक्रम को हिला दिया।

बास डी लीडे (25 रन दे कर दो) ने मिराज को एडवर्ड्स के हाथों कैच कराकर उनके आक्रामक तेवरों को खत्म किया।महमूदुल्लाह (20) और महेदी हसन (17) ने 12 ओवर तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया। इस बीच इन दोनों ने सातवें विकेट के लिए 38 रन जोड़े।

महेदी हसन के रन आउट होने से यह साझेदारी टूटी। डी लीडे नाम महमुदुल्लाह को मिड विकेट पर कैच करा कर बांग्लादेश की रही सही उम्मीद भी खत्म कर दी। नीदरलैंड का टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का फैसला अनुकूल नहीं रहा, क्योंकि बांग्लादेश के गेंदबाज तुरंत ही उन पर हावी हो गए।

तस्कीन अहमद ने पारी के दूसरे ओवर में ही विक्रमजीत सिंह (03) को पवेलियन भेज दिया, शोरिफुल इस्लाम ने अगले ओवर में दूसरे सलामी बल्लेबाज मैक्स ओडाउड (00) को आउट करके स्कोर दो विकेट पर चार रन कर दिया।

वेस्ली बारेसी ने कोलिन एकरमैन (15) के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी करके पारी संवारने की कोशिश की, इन दोनों के लगातार ओवर में आउट होने से नीदरलैंड बैक फुट पर चला गया। बारेसी ने कुछ आकर्षक चौके मारे। उनकी 41 गेंद की पारी में 8 चौके हैं।

नीदरलैंड का स्कोर 4 विकेट पर 63 रन हो गया। एडवर्ड्स को मुस्तफिजुर के एक ओवर में दो जीवनदान नहीं मिलते तो उसकी स्थिति और खराब हो जाती। एडवर्ड्स ने तब अपना खाता भी नहीं खोला था।

एडवर्ड्स ने इसका पूरा फायदा उठाया, बास डी लीडे (32 गेंद पर 17 रन) क्रीज पर पर्याप्त समय बिताने के बावजूद अपने कप्तान का लंबे समय तक साथ नहीं दे पाए। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 74 गेंद पर 44 रन जोड़े।

एंगलब्रेख्त ने एडवर्ड्स की तरह टिक कर खेलने को प्राथमिकता दी। बांग्लादेश के गेंदबाजों ने उन्हें खुलकर नहीं खेलने दिया, इन दोनों ने 17 ओवर तक उन्हें सफलता से दूर रखा। एडवर्ड्स ने इस बीच वर्तमान विश्व कप में अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया।

नीदरलैंड ने पारी में तीसरी बार लगातार ओवरों में दो विकेट गंवाए। मुस्तफिजुर ने 45वें ओवर में एडवर्ड्स की पारी का अंत किया, जिसमें 6 चौके हैं। महेदी हसन ने अगले ओवर में एंगलब्रेख्त को पगबाधा आउट करके पवेलियन भेज दिया। बांग्लादेश की तरफ से मुस्तफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद, महेदी हसन और शोरिफुल इस्लाम ने दो-दो विकेट झटके।