हार्दिक पांड्या ने शुरू की बल्लेबाजी प्रैक्टिस
बांग्लादेश के खिलाफ पुणे में हुए वर्ल्ड कप मैच के दौरान हार्दिक पांड्या को पैर में चोट लगी थी, जब उनका एंकल ट्विस्ट हो गया था। ऐसे में वे न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं खेले और अब इंग्लैंड के खिलाफ भी मैच के लिए उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा उनके अगले मैच में भी खेलने पर थोड़ा संदेह है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि उन्होंने बैटिंग प्रैक्टिस शुरू कर दी है।
रिपोर्ट्स की मानें तो हार्दिक पांड्या ने शुक्रवार को बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी यानी एनसीए में सिर्फ 10 मिनट बैटिंग की, अगले दिन वे इंडोर नेट्स में काफी समय तक बल्लेबाजी करने उतरे।
उन्होंने 30-40 मिनट तक नेट्स में तेज गेंदबाजों का भी सामना किया। बल्लेबाजी के लिए तो वे उपलब्ध हैं, लेकिन अभी वे टीम इंडिया के कैंप में नहीं लौटने वाले, क्योंकि उनकी बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी भी महत्वपूर्ण है।

उनके पैर में सूजन आ गई थी, जो अब कम हो गई है, अभी तक पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है। उनको थोड़ी बहुत परेशानी है, बताया जा रहा है कि वे मंगलवार 31 अक्टूबर से बॉलिंग करते हुए नजर आ सकते हैं।
ऐसे में कहा जा सकता है कि वे श्रीलंका के खिलाफ 2 नवंबर को मुंबई में खेले जाने वाले मैच के लिए उपलब्ध हो सकते हैं, मैनेजमेंट उनको और ज्यादा वक्त रिकवरी के लिए देना चाहता है, ताकि बड़े मुकाबलों में कोई परेशानी ना आए।
भारत का अगला मैच 2 नवंबर को श्रीलंका के खिलाफ है, पांच नवंबर को भारतीय टीम कोलकाता के ईडन गार्डेंस में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी। उस मैच के लिए हार्दिक पांड्या उपलब्ध होंगे। उस समय टीम अपना 8वां लीग मैच खेलने उतरेगी।
टीम का आखिरी मैच नीदरलैंड के खिलाफ 12 नवंबर को है, सेमीफाइनल खेलती है तो टीम मुंबई के वानखेड़े में उतरेगी। ये मैच 15 नवंबर को है और फाइनल मैच 19 नवंबर को है।