वर्ल्ड कप में बांग्लादेश का सबसे खराब प्रदर्शन, शाकिब ने स्वीकार
नीदरलैंड के हाथों 87 रन की हार के बाद बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने स्वीकार किया कि यह विश्व कप में उनका अभी तक का सबसे खराब प्रदर्शन है।
बांग्लादेश के सामने 230 रन का अपेक्षाकृत छोटा लक्ष्य था, टीम 42.2 ओवर में 142 रन पर आउट हो गई जो उसकी लगातार पांचवीं हार है। इससे वह सेमीफाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो गया है।
शाकिब ने शनिवार को मैच के बाद संवाददाताओं से बोला,‘‘आप निश्चित तौर पर ऐसा कह सकते हो (कि यह बांग्लादेश का विश्व कप में सबसे खराब प्रदर्शन है।) मैं इसे असहमत नहीं हूं।

मेरे पास इसका जवाब नहीं है कि हमने इस तरह का प्रदर्शन क्यों किया। हमारा क्षेत्ररक्षण खराब था और पूरे टूर्नामेंट में हम वैसी बल्लेबाजी नहीं कर पाए जैसे हमें करनी चाहिए थी।
उन्होंने कहा,‘‘यह बड़ी चिंता का विषय है। आज एक और दिन था जब हमने नीदरलैंड को दो अंक इनाम में दिए। इस हार को पचा पाना मुश्किल है।
शाकिब को बांग्लादेश के पत्रकारों से सवालों का सामना करना पड़ा और उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी टीम पूरी तरह से तैयार नहीं थी और पूर्व कप्तान तमीम इकबाल से जुड़े विवाद के कारण टीम पर प्रभाव पड़ा।
शाकिब से जब पूछा गया कि क्या तमीम को बाहर करने से टीम पर प्रभाव पड़ा, उन्होंने कहा,‘‘ऐसा हो सकता है। यह असामान्य नहीं है। मैं नहीं जानता कि प्रत्येक के दिल में क्या बात है। मैं आपसे असहमत नहीं हूं। यह एक प्रभाव हो सकता है।
तीनों फॉर्मेट में शतक मारने वाले बांग्लादेश के बल्लेबाज तमीम ने जुलाई में संन्यास लेने का ऐलान किया था। उन्होंने देश की पीएम शेख हसीना के आग्रह के बाद अपना फैसला बदला था।
इस 34 वर्षीय बल्लेबाज ने विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के पहले दो मैच खेले थे लेकिन उन्होंने अंतिम मैच से विश्राम ले लिया था।
तमीम को विश्व कप की टीम में नहीं चुना गया और तब उनके मतभेद खुलकर सामने आ गए जब शाकिब ने एक साक्षात्कार में उनकी फिटनेस की आलोचना की थी।
शाकिब ने कहा,‘‘यह स्वाभाविक है कि कप्तान और कोच के बदल जाने पर रणनीति बदल जाती है। इस रणनीति को बनाए रखना मुश्किल होता है। यह अच्छी और बुरी रणनीति हो सकती है। प्रत्येक की अपनी सोच होती है। हम नहीं जानते हैं कि क्या बुरा है और क्या गलत।
उन्होंने कहा,,‘‘हम पूरी तरह से तैयार नहीं थे। अब इस तरह के बहानों से मदद नहीं मिलेगी लेकिन निश्चित तौर पर हमारी तैयारी अच्छी नहीं थी।