Trending

भारत की लगातार छठी जीत से सेमीफाइनल में इंट्री तय, इंग्लैंड की 100 रन से हार

लखनऊ : रोहित शर्मा (89 रन) की पारी के बाद मोहम्मद शमी (4 विकेट), जसप्रीत बुमराह (3 विकेट) की गेंदबाजी से भारत ने इकाना स्टेडियम में खेले गए वर्ल्ड कप के मुकाबले में इंग्लैंड को 100 रन से पराजित किया। इस जीत से भारत ने सेमीफाइनल का टिकट लगभग पक्का कर लिया जबकि गत विजेता इंग्लैंड इस होड़ से लगभग बाहर हो चुका है।

इस मुकाबले में मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी की जिससे भारत ने वर्ल्ड कप में अपनी छठी जीत हासिल की।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 229 रन बनाए और इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 230 रनों का टारगेट रखा।

भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे अधिक 87 रन बनाए, सूर्यकुमार यादव ने 49 रनों की पारी खेली। केएल राहुल ने 39 रन बनाए। इंग्लैंड की तरफ से गेंदबाजों ने धारदार प्रदर्शन किया। डेविड विली (45 रन पर तीन विकेट), क्रिस वोक्स (33 रन पर दो विकेट) और आदिल राशिद (35 रन पर दो विकेट) ने सटीक गेंदबाजी की।

इससे नियमित अंतराल पर भारत के विकेट गिरते रहे। रोहित ने केएल राहुल (39) के साथ चौथे विकेट के लिए 91 रन जोड़े जब भारत 40 रन पर तीन विकेट गंवाकर संकट में था। सूर्यकुमार यादव ने 49 रन की पारी खेलकर भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

जवाब में इंग्लैंड की टीम 34.5 ओवर में 129 रन पर ऑलआउट हो गई। लियम लिविंगस्टन (27) इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।

जो रूट और ब्रेन स्टोक्स तो अपना खाता भी नहीं खोल सके। इंग्लैंड की आधी टीम 52 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट चुकी थी। इस हार से इंग्लैंड की टीम लगभग विश्व कप से बाहर हो गई है।

वर्ल्ड कप में शुरुआत के लगातार 6 मैच जीतकर भारत के 12 अंक हो चुके हैं। यानि रोहित की सेना ने जीत का ‘छक्का’ लगाया है। भारत ने वर्ल्ड कप में इससे पहले ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को भी हराया है।

भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 20 वर्ष बाद वर्ल्ड कप में हराया है। इससे पहले भारत ने 26 फरवरी 2003 को वर्ल्ड कप 2003 के मैच में इंग्लैंड को 82 रनों से हराया था।

गत विजेता इंग्लैंड की यह 6 मैचों में पांचवीं हार है। भारत ने इकाना स्टेडियम में इंग्लैंड को मात देकर उसे सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया है।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अब टीम इंडिया को अगले 3 मैचों में से सिर्फ 1 जीत की दरकार है। दक्षिण अफ्रीका को पीछे छोड़ते हुए वर्ल्ड कप की अंक तालिका में टीम इंडिया टॉप पर आ चुकी है।

मुख्यमंत्री ने भारत की शानदार जीत पर देशवासियों को दी हार्दिक बधाई

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्व कप क्रिकेट प्रतियोगिता में इंग्लैंड के विरुद्ध भारत की शानदार जीत पर सम्पूर्ण देशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों का अभिनंदन करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम का विजय अभियान अनवरत जारी रहने की कामना की है।