अफगानिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ पहली जीत, लंका को लगातार तीसरी जीत की उम्मीद
वर्ल्ड कप के 30वें मैच में आज श्रीलंका का सामना अफगानिस्तान से होगा। इस मैच में दोनों के हौसले बुलंद होंगे, क्योंकि दोनों टीमें अपने-अपने पिछले मैच जीतकर आ रही हैं। तीसरा वर्ल्ड कप खेल रही अफगानिस्तान ने पिछले मैच में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया और वनडे इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ पहली जीत हासिल की थी।

दूसरी ओर, श्रीलंका ने अपने पिछले मैच में गत विजेता इंग्लैंड को 8 विकेट से हराया। इस मैच में अफगानों के पास वर्ल्ड कप में श्रीलंका को पहली बार हराने का मौका है, 1996 की चैंपियन श्रीलंका लगातार तीसरी जीत की तलाश में उतरेगी।
अफगान कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी अगर आज के मैच में 57 रन बना लेते हैं तो उनके 2000 वनडे रन पूरे हो जाएंगे। सदीरा समरविक्रमा को 1000 वनडे रन पूरा करने के लिए 90 रन की जरूरत है।
दोपहर 2 बजे से खेला जाएगा मैच
यह राशिद खान का 100वां वनडे मैच होगा, वो इस मुकाम तक पहुंचने वाले चौथे अफगानिस्तानी क्रिकेटर बन जाएंगे। इस वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान और श्रीलंका के जीत के आंकड़े एक जैसे हैं। दोनों को शुरुआती 5 मैचों में से 2 में जीत मिली है, 3 में हार मिली है।
श्रीलंका बेहतर रन रेट की वजह से 4 अंक के साथ अंक तालिका में 5वें नंबर पर है, वहीं अफगानिस्तान भी 4 अंक लेकर 7वें स्थान पर है।
इस सीजन में अफगानिस्तान ने 2 उलटफेर किए हैं, अफगान टीम ने गत विजेता इंग्लैंड और पाकिस्तान को हराया, श्रीलंका ने भी इंग्लैंड को मात देकर सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद को झटक दिया है।
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 11 वनडे हुए हैं। श्रीलंका ने 7 और अफगानिस्तान ने 3 मैच जीते। 1 मैच बेनतीजा रहा। वर्ल्ड कप में दोनों टीमें अब तक 2 बार भिड़ीं हैं और दोनों ही बार श्रीलंका को जीत मिली।
श्रीलंका आज का मैच जीत लेती है, तो अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे में लगातार चौथी जीत दर्ज कर लेगी। अफगानिस्तान को आखिरी जीत इसी साल जून में मिली थी, उसके बाद तीन मैच खेले गए और सभी में हार मिली।
दोनों टीमें आखिरी बार एशिया कप में आमने-सामने हुई थी, तब श्रीलंका को 2 रन से जीत मिली थी। वनडे वर्ल्ड कप में सदीरा समरविक्रमा श्रीलंका के टॉप रन स्कोरर हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के 5 मैचों में 295 रन बनाए हैं। तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 11 विकेट लिए हैं।
रहमानुल्लाह गुरबाज टूर्नामेंट में अफगानिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उनके नाम 2 अर्धशतक है। गेंदबाजों में नवीन-उल-हक 6 विकेट लिए हैं, वे वर्ल्ड कप के मौजूदा सीजन में टीम के टॉप विकेट टेकर हैं।
श्रीलंका के तेज गेंदबाज लाहिरु कुमारा थाई इंजरी के चलते इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। कुमारा की जगह दुष्मंथा चमीरा को टीम में जगह दी है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने रविवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में टूर्नामेंट का दूसरा मैच खेला जाएगा। भारत और बांग्लादेश मैच इस मैदान पर खेला गया था। यहां की पिच बैटर्स के लिए काफी मददगार रहती है।
इस मैदान पर अभी तक 8 वनडे मुकाबले हुए हैं, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 4 और बाद में बैटिंग करने वाली टीम ने भी 4 मैच जीते हैं। फर्स्ट इनिंग में एवरेज टोटल 301 रन है।
30 अक्टूबर को पुणे में बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान हवा की रफ्तार 9 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी। तापमान 17 से 33 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
अफगानिस्तान : हशमतुल्लाह शहीदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह ओमरजई, इकराम अलीखिल, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नवीन-उल-हक और नूर अहमद।
श्रीलंका : कुसल मेंडिस (कप्तान और विकेटकीपर), पथुम निसांका, कुसल परेरा, सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलंका, धनंजय डी सिल्वा, एंजलो मैथ्यूज, महीश तीक्षणा, कसुन रजिथा, दुष्मंथा चमीरा और दिलशान मदुशंका।