मुख्य चयनकर्ता से इंजमाम उल हक का इस्तीफा, पीसीबी ने की पुष्टि
पाकिस्तान टीम के मुख्य चयनकर्ता के पद से पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर इंजमाम उल हक ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया है। इसकी पुष्टि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने की है।
इंजमाम उल हक पर आरोप लगे हैं कि वह एक प्रमुख खिलाड़ी प्रबंधन कंपनी में शेयरधारक हैं, जो कि हितों के टकराव का मामला है।
इस बीच पीसीबी ने एक बयान में कहा कि उसने टीम चयन प्रक्रिया से संबंधित हितों के टकराव के संबंध में आरोपों की जांच के लिए पांच सदस्यीय तथ्य-खोज समिति का गठन किया है।

बोर्ड ने बयान में बोला, ”इंजमाम-उल-हक ने राष्ट्रीय पुरुष चयन समिति और जूनियर चयन समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।
उन्हें 7 अगस्त को राष्ट्रीय पुरुष समिति के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया था और इस महीने की शुरुआत में जूनियर पुरुष चयन समिति का अध्यक्ष भी नियुक्त किया था।
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर इंजमाम उल हक ने अपने ऊपर लगे आरोपों की वजह से पद से हटने का फैसला किया है और कहा है कि वह जांच में सहयोग करेंगे।

इंजमाम उल हक ने कहा, “मैं मीडिया में उठाए गए हितों के टकराव के आरोपों के बारे में पीसीबी को पारदर्शी जांच करने का अवसर देने के लिए पद से हट रहा हूं। अगर समिति मुझे दोषी नहीं पाती है, तो मैं मुख्य चयनकर्ता के रूप में अपनी भूमिका फिर से शुरू करूंगा।
इंजमाम ने एक न्यूज़ चैनल से बातचीत में कहा, ”लोग बिना रिसर्च के बात करते हैं। मेरे ऊपर सवाल उठे हैं, इसलिए मैंने इस्तीफा देने का फैसला किया है। लोग बिना रिसर्च के बयान दे रहे हैं। मैंने पीसीबी को रिसर्च करने के लिए कहा है। मेरा प्लेयर एजेंट कंपनी के साथ कोई रिश्ता नहीं है।