Trending

भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की 99.9 फीसदी उम्मीद, जानें अन्य टीमों का हाल

अफगानिस्तान बनाम श्रीलंका मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स ने वर्ल्ड कप में शामिल सभी 10 टीमों के सेमीफाइनल में पहुंचने के चांसेस साझा किए हैं।

इस सूची में भारत सहित कुल चार टीमें ऐसी हैं जिनके नॉकआउट राउंड में पहुंचने के चांस 75 फीसदी से ज्यादा है, टूर्नामेंट में दो टीमें ऐसी है जिनके सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना 90 फीसदी से भी ज्यादा हैं।

बता दें, अभी तक अधिकारिक रूप से एक भी टीम ना तो सेमीफाइनल में अपनी जगह बना पाई है और ना ही कोई टीम टूर्नामेंट से बाहर भी नहीं हुई है।

वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने के भारत के चांसेस लगभग 100 फीसदी हैं। इस टूर्नामेंट में विजय रथ पर सवार भारत ने अब तक खेले 6 में से 6 मैच जीते हैं।

5 बार की विजेता ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज करने के बाद भारत ने अफगानिस्तान, चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और गत विजेता इंग्लैंड को हराया।

भारत के वर्ल्ड कप में तीन और मैच, श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड्स के खिलाफ, बचे हैं। इनमें से एक भी मैच जीतकर भारत सेमीफाइनल का टिकट कटा सकता है।

भारत के अलावा दक्षिण अफ्रीका ऐसी टीम है जिनके सेमीफाइनल में पहुंचने के चांस 90 फीसदी से अधिक है। अफ्रीकी टीम ने अब तक 6 में से 5 मैच जीते हैं और उनके सेमीफाइनल में पहुंचने के चांसेस 95.5% है। न्यूजीलैंड के नॉकआउट में पहुंचने के चांस 75.3 फीसदी और ऑस्ट्रेलिया के 76.1 फीसदी हैं।

वर्ल्ड कप में तीन मच जीतकर अफगानिस्तान ने अंक तालिका के साथ सेमीफाइनल की रेस में रोमांच का तड़का लगा दिया है। अफगानी टीम ने पहले गत विजेता इंग्लैंड को हराया, इसके बाद उन्होंने पाकिस्तान और श्रीलंका को चित किया। उनके लिए यह टूर्नामेंट अभी तक शानदार रहा है।

यही वजह है कि उनके सेमीफाइनल में पहुंचने के चांस श्रीलंका, पाकिस्तान और इंग्लैंड जैसी बड़ी टीमों से कई अधिक है। अफगानिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने के चांसेस श्रीलंका के खिलाफ जीत के बाद बढ़कर 33.1 फीसदी हो गए हैं।

बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम ने वर्ल्ड कप के पहले दो मैच जीतकर टूर्नामेंट का आगाज तो शानदार अंदाज में किया था, मगर भारत के खिलाफ पहली हार के बाद टीम की गाड़ी पटरी से उतर गई है।

भारत के खिलाफ मैच के बाद पाकिस्तान को अगले तीन मैचों में भी हार मिली। यही वजह है टीम 6 मैचों में 4 अंकों के साथ अफगानिस्तान और श्रीलंका के नीचे 7वें स्थान पर है। इसी वजह से उनके सेमीफाइनल में पहुंचने के चांस 6.6 फीसदी रह गए हैं।

वर्ल्ड कप में शामिल सभी टीमों के सेमीफाइनल में पहुंचने के चांसेस-

भारत- 99.9%
साउथ अफ्रीका- 95.5%
न्यूजीलैंड- 75.3%
ऑस्ट्रेलिया- 76.1%
अफगानिस्तान- 33.1%
श्रीलंका- 6.7%
पाकिस्तान- 6.6%
नीदरलैंड्स- 5.9%
बांग्लादेश- 0.4%
इंग्लैंड- 0.4%