पाक गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन, बांग्लादेश 204 रन पर ऑलआउट
शाहीन शाह अफरीदी (3 विकेट) की अगुवाई वाली तेज गेंदबाजी आक्रमण से पाक ने यहां विश्व कप मैच में बांग्लादेश को 45.1 ओवर में 204 रन पर ऑलआउट कर दिया।
शाहीन ने बांग्लादेश के शीर्ष क्रम को चरमराते हुए नौ ओवर में एक मेडन से 23 रन देकर तीन विकेट झटके जिसके चलते वह वनडे में पाकिस्तान के लिए सबसे तेज 100 विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बन गये।
मोहम्मद वसीम जूनियर ने पुछल्ले बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर 8.1 ओवर में एक मेडन से 31 रन देकर तीन विकेट झटके जिससे बांग्लादेश पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सकी।

शाहीन भले ही घुटने की चोट से उबरने के बाद पहले जितनी तेज रफ्तार से गेंद नहीं डाल पा रहे हों, इस 23 वर्ष के गेंदबाज ने ईडन गार्डन्स की सपाट पिच पर चतुराई भरे ‘वैरिएशन’ से गेंदबाजी कर स्विंग हासिल की।
शाहीन ने अतिरिक्त उछाल और स्विंग से तंजिद हसन को पगबाधा आउट किया जो उनका वनडे में 100वां विकेट था। वह इस तरह सकलेन मुश्ताक को पछाड़कर उनसे दो पारियां पहले पाकिस्तान की ओर से सबसे तेज 100 विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज बन गये।
उसामा मीर ने फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर डाइव करते हुए शानदार नीचा कैप लपका जिससे शाहीन ने दो ओवर में दो विकेट झटके। अगर महमूदुल्लाह ने 70 गेंद में 56 रन (छह चौके, एक छक्का) की जिम्मेदाराना पारी नहीं खेली होती और लिटन दास (64 गेंद, 45 रन) के साथ 79 रन की भागीदारी नहीं निभायी होती तो बांग्लादेश की टीम इस स्कोर से पहले ही सिमट गयी होती।
बांग्लादेश ने 2.4 ओवर में छह रन पर दो विकेट गंवा दिये थे, जिसके बाद हारिस रऊफ ने मुश्फिकुर रहीम को आउट कर स्कोर तीन विकेट पर 23 रन कर दिया।
महमूदुल्लाह ने पारी को संभाला जिन्हें पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। शाहीन को गेंदबाजी से हटाने के बाद पाक टीम दोनों ओर से दबाव बनाने में असफल रही जिससे लिटन और महमूदुल्लाह को तेजी से उबरने का मौका मिल गया।
इन दोनों ने वसीम जूनियर पर दो चौके मारे, मीर के भी पहले ओवर में एक चौका मारा। इस टाइम बांग्लादेश सहज दिख रही थी, ऑफ स्पिनर इफ्तिखार अहमद (44 रन देकर एक विकेट) ने लिटन को आउट कर अपनी टीम को अहम विकेट दिलाया।
शाहीन ने बेहतरीन गेंद पर महमूदुल्लाह को बोल्ड किया। बांग्लादेश के कप्तान शाकिबुल हसन ने भागीदारी बनाने का प्रयास किया, हारिस रऊफ (36 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर आउट हो गये।