मुंबई : वायु प्रदूषण को लेकर रोहित शर्मा ने जताई चिंता
श्रीलंका के खिलाफ विश्व कप में भारतीय टीम अपना सातवां मैच खेलेगी। दोनों टीमों के बीच यह मैच गुरुवार (दो नवंबर) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा।
भारत मैच के लिए मुंबई आ चुकी है। कप्तान रोहित शर्मा ने इस दौरान एक तस्वीर साझा की है। इसे देखकर टीम इंडिया के फैन्स भी परेशान हो गए हैं। दरअसल, भारतीय कप्तान द्वारा शेयर की गई तस्वीर में धुंध नजर आ रही है।
रोहित ने यह तस्वीर हवाई जहाज से यात्रा करते हुए ऊपर से ली गई है। उन्होंने लिखा, ”मुंबई यह क्या हो गया। पिछले कुछ समय से मुंबई में मौसम चिंता का कारण बनी हुई है। प्रदूषण के कारण लोग काफी परेशान हैं। रोहित से पहले इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने भी चिंता जाहिर की थी।

पिछले कुछ हफ्तों से मुंबई का मौसम चिंता का विषय बना हुआ है। सीपीसीबी के अनुसार, मुंबई में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मंगलवार सुबह 161 पर है, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
सबसे खराब हवा की गुणवत्ता बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में दर्ज की गई है जहां एक्यूआई का स्तर 257 तक पहुंच गया है, इसके बाद सायन में जहां एक्यूआई 218 है, बांद्रा पूर्व के खेरवाड़ी क्षेत्र (198) और कोलाबा में नेवी नगर (189) है।
रोहित इस विश्व कप में मुंबई की खराब वायु गुणवत्ता से हैरान होने वाले पहले क्रिकेटर नहीं हैं। इंग्लैंड के मैचों के दौरान जो रूट ने इसकी शिकायत भी की थी।

उन्होंने कहा था “मैंने पहले इस तरह के मौसम में नहीं खेला है। मैंने स्पष्ट रूप से गर्म परिस्थितियों में खेला है और शायद अधिक आर्द्र परिस्थितियों में भी, लेकिन ऐसा महसूस हुआ कि आप अपनी सांस नहीं ले पा रहे हैं।
मुंबई के वर्तमान मौसम को वास्तव में चिंताजनक बनाने वाली बात यह है कि रोहित जैसे खिलाड़ी परिस्थितियों पर आश्चर्य व्यक्त कर रहा है। उन्होंने अपनी सारी क्रिकेट यहीं खेली है।
हालाकि, भारत के कप्तान उम्मीद कर रहे होंगे कि विश्व कप में भारत की जीत में मौसम या किसी भी चीज की कोई भूमिका नहीं होगी। भारत ने इस टूर्नामेंट में छह में से छह मैच जीते हैं और वह अब तक अजेय रहने वाली एकमात्र टीम है। रोहित ने खुद इसमें बड़ी भूमिका निभाई है।
वह अब तक छह मैचों में 398 रन के साथ भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उनके नाम एक शतक और दो अर्धशतक हैं। लखनऊ की चुनौतीपूर्ण पिच पर इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी मैच में उनकी 87 रन की पारी टूर्नामेंट के मुख्य आकर्षणों में से एक थी।