भारत-श्रीलंका मैच से पहले सचिन की आदम कद प्रतिमा का होगा अनावरण
भारत और श्रीलंका के बीच विश्व कप मैच की पूर्व संध्या पर बुधवार को यहां वानखेड़े स्टेडियम में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की आदम कद प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।
इस साल की शुरुआत में यह पता चला था कि अप्रैल में 50 वर्ष के हो चुके तेंदुलकर की प्रतिमा स्टेडियम के अंदर स्थापित होगी और मंगलवार को यहां उसे अंतिम रूप दिया गया।
इस प्रतिमा में महान बल्लेबाज को शॉट खेलने की मुद्रा में दिखाया गया है और यह सचिन स्टैंड के करीब लगी है। सचिन की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणनवीस, तेंदुलकर, बीसीसीआई सचिव जय शाह, कोषाध्यक्ष आशीष शेलार के साथ-साथ मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के अधिकारी, अध्यक्ष अमोल काले, सचिव अजिंक्य नाईक और शीर्ष परिषद के अन्य सदस्य शामिल होंगे।

इस प्रतिमा को राज्य के अहमदनगर के चित्रकार-मूर्तिकार प्रमोद कांबले ने बनाया है। नवंबर 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट की सीरीज के दौरान यहां भारत के लिए अपना अंतिम टेस्ट खेलने के 10 वर्ष बाद तेंदुलकर के घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है।