Trending

हवा की खराब क्वॉलिटी, दिल्ली-मुंबई में मैच में नहीं की जाएगी आतिशबाजी

बीसीसीआई ने फैसला किया है कि दिल्ली और मुंबई में वर्ल्ड कप मैच के दौरान और बाद में आतिशबाजी नहीं की जाएगी। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने एक अंग्रेजी अखबार से बातचीत में इस बात की पुष्टि की है।

उन्होंने कहा कि इन दोनों शहरों में एयर प्रदूषण बढ़ रहा है। मैंने इस मामले को औपचारिक रूप से इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के सामने उठाया है। हमने बढ़ते एयर प्रदूषण को देखते हुए ये फैसला किया है। बोर्ड पर्यावरण संबंधी चिंताओं के प्रति संवेदनशील है।

इससे पहले मंगलवार को मुंबई हाईकोर्ट के मुंबई में वायु गुणवत्ता में आ रही गिरावट को लेकर चिंता जाहिर की। मुंबई हाईकोर्ट ने एयर पॉल्यूशन को लेकर महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और केंद्रीय प्रदूषण बोर्ड से जवाब मांगा था।

जय शाह ने कहा कि बीसीसीआई मुंबई और दिल्ली में एयर क्वॉलिटी को लेकर लोगों की चिंता से वाकिफ है। हम आईसीसी वर्ल्ड कप इस तरीके से होस्ट करना चाहते हैं जिससे क्रिकेट का जश्न मनाने में कमी रहे, हम हमारे सभी स्टेकहोल्डर्स की सेहत और सेफ्टी हमारे लिए प्रायोरिटी है। उसे बनाए रखने के लिए हम कमिटेड हैं।

जय शाह बोले- बीसीसीआई पर्यावरण से जुड़ी चिंताओं के प्रति संवेदनशील है। मैंने आईसीसी के सामने औपचारिक तौर पर ये मुद्दा उठाया। मुंबई में कोई फायरवर्क नहीं होगा, ताकि पॉल्यूशन में बढ़ावा न हो।

दिल्ली और उसके आस -पास जिलों सहित मुंबई में एयर कंडीशन काफी खराब है। दिल्ली की बात की जाए तो 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स सोमवार को 347, रविवार को 325, शनिवार को 304 ओर शुक्रवार को 261 दर्ज किया गया था।

मुंबई में एयर क्वालिटी इंडेक्स मंगलवार को 172 था, जबकि बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स 260 दर्ज किया गया। मुंबई में एक सेमीफाइनल सहित तीन मैच होना हैं।

2 नवंबर को भारत और श्रीलंका का मैच है। यहां पर 7 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान का मैच है। 15 नवंबर को सेमीफाइनल 1 है। दिल्ली में 6 नवंबर को बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच मैच होना बाकी है।

दिल्ली में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। वैज्ञानिकों का बोलना है कि इस वर्ष अक्टूबर में दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 2020 के बाद सबसे खराब दर्ज हुआ है।

अक्टूबर 2021 में एयर क्वालिटी इंडेक्स 173 था और अक्टूबर 2022 में दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 210 दर्ज किया गया था। अक्टूबर 2023 में दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 341 दर्ज किया जा चुका है।

वैज्ञानिक बढ़ते प्रदूषण के लिए कम बारिश को बड़ी वजह मान रहे हैं। इस साल अक्टूबर में सिर्फ एक दिन 5.4 मिमी बारिश हुई। अक्टूबर 2022 में 6 दिन 129 मिमी और अक्टूबर 2021 में 7 दिन 123 मिमी बारिश हुई थी।

प्रदूषण का सबसे घातक स्तर सुबह 5 से लेकर 8 बजे तक रहता है। इसी दौरान बच्चे स्कूल के लिए निकलते है, जिसका असर बच्चों के स्वास्थ्य पर दिखने लगा है। स्कूल के अधिकारियों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से क्लास में बच्चों की संख्या में लगातार कम हो रही है।

प्रदूषण की वजह से बच्चों में सर्दी, जुकाम, थकावट, चिड़चिड़ापन, अनिद्रा, सांस लेने में परेशानी, आंखों में लाली, आंखों और चेहरे पर सूजन जैसी शिकायतें काफी बढ़ गई है। इसको लेकर शिक्षक संगठनों ने दिल्ली सरकार से स्कूलों का समय बदलने की मांग की है।