Trending

डिकॉक व डुसेन के शतक, दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 357/4

क्विंटन डिकॉक (114 रन), रासी वान डर डुसेन (133 रन) के शतक से दक्षिण अफ्रीका ने धीमी शुरुआत के बावजूद न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे विश्व कप के मैच में यहां चार विकेट पर 357 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

डिकॉक ने 116 गेंद पर 10 चौकों और तीन चौकों से 114 रन बनाए। डुसेन ने 118 गेंद पर 133 रन बनाए जिसमें 9 चौके और 5 छक्के हैं। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 200 रन की साझेदारी की।

ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी के लिए भेजे गए डेविड मिलर ने 30 गेंद पर चार छक्कों से 53 रन की पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी 10 ओवर में 119 रन बनाए। न्यूजीलैंड की तरफ से टिम साउदी ने 77 रन देकर दो विकेट झटके।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया और कसी गेंदबाजी की। डिकॉक जैसा आक्रामक बल्लेबाज पहले 15 ओवर में केवल एक बाउंड्री लगा पाया था।

दक्षिण अफ्रीका ने पहले पावरप्ले में एक विकेट पर 43 रन बनाए। कप्तान तेंबा बावुमा का योगदान 24 रन था। उन्होंने ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर स्लिप में कैच देने से पहले अपने चारों चौके और एक छक्का मेट हेनरी पर लगाया।

डिकॉक उनके पीछे पवेलियन लौट जाते, ग्लेन फिलिप्स ने विश्व कप में अपना पहला मैच खेल रहे साउदी की गेंद पर उनका मुश्किल कैच छोड़ दिया।

डिकॉक तब 12 रन पर खेल रहे थे। उन्होंने पारी के 16वें ओवर में साउदी पर चौका और छक्का लगाकर अपने हाथ खोले और सेंटनर की गेंद भी छह रन के लिए भेजी।

वह 62 गेंद पर 50 रन तक पहुंचे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की तरफ से किसी एक विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने का जॉक कैलिस (485 रन, 2007) का रिकॉर्ड तोड़ा।

डुसेन भी शुरू में जूझते नजर आए, उन्होंने पांव जमाए रखे तथा 61 गेंद पर अपना पचासा पूरा किया। इस बीच उन्होंने रविंद्र और फिलिप्स पर छक्के मारे।

डिकॉक ने जेम्स नीशम पर छक्का लगाकर 103 गेंद पर वर्तमान विश्व कप का अपना चौथा शतक पूरा किया। नीशम के इस ओवर में डुसेन को दो जीवनदान मिले। उन्होंने बाद में इसी गेंदबाज पर चौका मारकर 101 गेंद पर अपना शतक पूरा किया जो वर्तमान विश्व कप में उनका दूसरा सैकड़ा है।

टॉम लैथम ने इन दोनों की साझेदारी तोड़ने के लिए सात गेंदबाजों का उपयोग किया। इस बीच हेनरी को मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से मैदान छोड़ना पड़ा। साउदी ने 40वें ओवर में डिकॉक को बैकवर्ड प्वाइंट पर कैच करा कर यह साझेदारी तोड़ी। इस बार फिलिप्स ने कैच लेने में कोई गलती नहीं की।

डुसेन ने शतक पूरा करने के बाद नीशम पर लगातार दो छक्के मारे, मिलर ने यही रवैया फिलिप्स के खिलाफ अपनाकर 46वें ओवर में टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया।

साउदी ने डुसेन को बोल्ड करके इन दोनों के बीच 43 गेंद पर निभाई गई 78 रन की साझेदारी तोड़ी। मिलर ने नीशम पर छक्का लगाकर 29 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया।