Trending

वानखेड़े स्टेडियम में सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा का अनावरण

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा का अनावरण हुआ। विश्व कप का 33वां मैच भारत और श्रीलंका के बीच इसी मैदान पर गुरुवार को खेला जाएगा।

मैच की पूर्व संध्या पर बुधवार (1 नवंबर) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की आदम कद प्रतिमा के अनावरण करने के दौरान स्टेडियम में फैन्स भी मौजूद रहे और सचिन-सचिन के नारे लगाते हुए दिखे।

वानखेड़े स्टेडियम में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का स्टैच्यू सचिन तेंदुलकर स्टैंड के पास स्थापित की गई है। ये प्रतिमा उनके जीवन के 50 सालों को समर्पित है।

प्रतिमा के अनावरण के दौरान एक भव्य कार्यक्रम था, जिसमें महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, बीसीसीआई सचिव जय शाह, कोषाध्यक्ष आशीष शेलार के साथ-साथ मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के अध्यक्ष शामिल हुए।

इस प्रतिमा में इस महान बल्लेबाज को शॉट खेलने की मुद्रा में दिखाया गया है और यह सचिन तेंदुलकर स्टैंड के करीब लगी है। इस प्रतिमा को राज्य के अहमदनगर के चित्रकार-मूर्तिकार प्रमोद कांबले ने बनाया है।

सचिन ने 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान भारत के लिए यहां अपना अंतिम टेस्ट खेला था। करीब 10 वर्ष बाद तेंदुलकर के घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है।