भारत की सेमीफाइनल में जगह बनाने पर निगाह, श्रीलंका के लिए भी जीत जरुरी
वनडे वर्ल्ड कप में आज दो बार की वर्ल्ड विजेता भारतीय टीम का मैच श्रीलंका से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। इस मैच में आज श्रीलंका को हराकर भारत सेमीफाइनल में क्वालिफाई करने के साथ टेबल टॉपर बन सकती है। वही श्रीलंका 6 मैचों में 2 जीत और 4 हार के साथ 4 अंक लेकर अंक तालिका में 7वें नंबर पर है।
एक और हार से श्रीलंका के सेमीफाइनल की रेस में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो जाएंगी। हार के बाद टीम को अगले दोनों मैच तो जीतने के साथ पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के हारने की दुआ भी करनी होगी।
दोपहर 2 बजे से खेला जाएगा मैच
श्रीलंका वही टीम है जिसे 2011 में इसी मैदान पर हराकर भारत 28 वर्ष बाद दूसरी बार वनडे वर्ल्ड कप जीता था। मेजबान भारत शुरुआती 6 मैच जीतकर अंक तालिका में 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।

इन दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 167 वनडे हुए हैं। भारत ने 98 और श्रीलंका ने 57 मैच जीते। 11 मैच बेनतीजा रहे, एक मैच टाई भी हुआ।
वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ श्रीलंका का रिकॉर्ड अच्छा रहा है। दोनों टीमें अब तक 9 बार भिड़ीं, 4 में भारत और 4 में श्रीलंका को जीत मिली। एक मैच नो रिजल्ट रहा है।
भारत और श्रीलंका के बीच अंतिम वनडे 17 सितंबर 2023 को हुआ था। वो एशिया कप का फाइनल मैच था। जिसमें भारत 10 विकेट से जीता था।
वनडे वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा भारत के टॉप रन स्कोरर हैं, उन्होंने टूर्नामेंट के 6 मैचों में 398 रन बनाए हैं। उनके बाद विराट कोहली ही भारत से 300 से ज्यादा रन बना सके हैं। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 14 विकेट लिए हैं।
टूर्नामेंट में श्रीलंका का कोई भी प्लेयर टॉप-5 परफॉर्मर में नहीं है। टीम के लिए सदीरा समरविक्रमा ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक और एक अर्धशतक है। गेंदबाजों में दिलशान मदुशंका के नाम 13 विकेट हैं, जो टीम के लिए टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा है।
वर्ष 2011 का भारत और श्रीलंका के बीच हुआ वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल शायद ही कोई भारतीय फैन्स भूल सकता है। इस मैच में श्रीलंका टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट खोकर 274 रन बनाई। महिला जयवर्धने इस मैच में नॉट आउट 103 रन की पारी खेली।
जवाब में भारत चार विकेट खोकर 49वें ओवर में यह मैच जीता। कप्तान एमएस धोनी ने गेंदबाज नुवान कुलशेखरा की बाल पर विजयी छक्का मारा। मैच में गौतम गंभीर ने 97 और धोनी ने नाबाद 91 रन बनाए थे।
ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या आज श्रीलंका के खिलाफ नहीं खेलेंगे। हालांकि अब तक बीसीसीआई ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि हार्दिक कितने मैचों के लिए बाहर रहेंगे।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच बैटिंग फ्रेंडली है। यहां पर बल्लेबाजों को काफी मदद मिलती है। अच्छा उछाल होने के चलते गेंद सही तरीके से बैट पर आती है।
स्टेडियम में टूर्नामेंट का तीसरा मैच खेला जाएगा। इंग्लैंड-दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश- दक्षिण अफ्रीका मैच इस मैदान पर हुआ था।
इस मैदान पर अब तक 25 वनडे हुए हैं, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 13 और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 12 मैच जीते हैं। फर्स्ट इनिंग में एवरेज टोटल 256 रन है।
हाईएस्ट टीम स्कोर 438 है जो दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ 2015 में बनाया था। लोवेस्ट टीम स्कोर 115 है जो बांग्लादेश ने भारत के खिलाफ 1998 में बनाया था।
मुंबई में गुरुवार, 2 नवंबर को मौसम साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान हवा की रफ्तार 11 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी। तापमान 26 से 37 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज
श्रीलंका : कुसल मेंडिस (कप्तान और विकेटकीपर), पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलंका, धनंजय डी सिल्वा, एंजलो मैथ्यूज, महीश तीक्षणा, कसुन रजिथा, दुष्मंथा चमीरा और दिलशान मदुशंका