गिल, कोहली व अय्यर के अर्धशतक से भारत के 357 रन, जवाब में श्रीलंका की हालत खस्ता
सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल (92 रन), विराट कोहली (88 रन) के अर्धशतक के बाद श्रेयस अय्यर (82 रन) की पारी से भारत ने वनडे वर्ल्ड कप मैच में यहां श्रीलंका के खिलाफ आठ विकेट पर 357 रन बनाए।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरे श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने समाचार लिखे जाने तक 7.2 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 12 रन बना लिए थे।
गिल (92 रन, 92 गेंद, 11 चौके, दो छक्के) और कोहली (88 रन, 94 गेंद, 11 चौके) ने अर्धशतक मारने के अलावा दूसरे विकेट के लिए 189 रन की साझेदारी भी की।
श्रेयस अय्यर ने 56 गेंद में छह छक्कों और तीन चौकों से 82 रन बनाए। उन्होंने रविंद्र जडेजा (24 गेंद में 35 रन) के साथ छठे विकेट के लिए 36 गेंद में 57 रन जोड़े। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 80 रन देकर करियर में पहली बार पांच विकेट झटके।

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत ने मैच की दूसरी ही गेंद पर कप्तान रोहित शर्मा (04) का विकेट गंवा दिया। रोहित ने मदुशंका की पहली गेंद पर चौका मारा, अगली गेंद पर आउट हो गए।
श्रीलंका के गेंदबाजों को इसके बाद अगली सफलता के लिए 29 ओवर से अधिक का इंतजार करना पड़ा। कोहली और गिल ने सतर्क शुरुआत के बाद मैदान के चारों तरफ रन जुटाए।
कोहली ने मदुशंका पर चौके से खाता खोला, गिल ने भी इस तेज गेंदबाज पर लगातार दो चौके मारे। कोहली 10 रन पर भाग्यशाली रहे जब छठे ओवर में दुष्मंता चमीरा (71 रन पर एक विकेट) ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच टपका दिया। भारतीय बल्लेबाज ने इसी ओवर में दो चौके मारे।
भारत ने पहले पावर प्ले के 10 ओवर में एक विकेट पर 60 रन बनाए। कोहली ने दुशान हेमंता की गेंद पर दो रन के साथ 50 गेंद में अर्धशतक पूरा किया, गिल ने भी इस लेग स्पिनर पर चौके के साथ 55 गेंद में 50 रन के आंकड़े को पार किया।
गिल ने चमीरा पर पारी का पहला छक्का मारने के बाद हेमंता की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया। गिल मदुशंका पर चौके के साथ 90 रन तक पहुंचे, इसी ओवर में थर्ड मैन पर शॉट खेलने की कोशिश में विकेटकीपर कुसाल मेंडिस को कैच दे बैठे।
मदुशंका ने अपने अगले ओवर में धीमी गेंद पर कोहली को भी शॉर्ट कवर पर पाथुम निसांका के हाथों कैच कराके भारत को दोहरा झटका दिया। कोहली अपनी इस पारी के दौरान एक कैलेंडर वर्ष में रिकॉर्ड आठवीं बार एक हजार रन के आंकड़े को पार करने में सफल रहे।
उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा जिन्होंने सात बार यह रिकॉर्ड बनाया था। अय्यर शुरुआत से ही अच्छी लय में दिखे। उन्होंने कासुन रजिता पर दो, हेमंता पर एक छक्का मारकर अपने तेवर दिखाए।
रजिता पर उनका दूसरा छक्का 106 मीटर के साथ मौजूदा विश्व कप का सबसे लंबा छक्का रहा। केएल राहुल 19 गेंद में 21 रन बनाकर चमीरा की गेंद पर हेमंता को कैच दे बैठे, मदुशंका ने सूर्यकुमार यादव (12) को विकेटकीपर मेंडिस के हाथों कैच कराके भारत को पांचवां झटका दिया।
अय्यर ने महीश तीक्षणा पर चौके के साथ 36 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। भारत के 300 रन 45वें ओवर में पूरे हुए। उन्होंने 48वें ओवर में मदुशंका पर लगातार दो छक्के मारे, अगली गेंद को हवा में लहराकर तीक्षणा को कैच दे बैठे। जडेजा ने पारी की अंतिम गेंद पर रन आउट होने से पहले चमीरा पर छक्का मारा।