शॉर्ट बॉल के सवाल को लेकर भड़के श्रेयस अय्यर
गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच में भारत ने श्रीलंका को 302 रनों से हराया। इस मैच में श्रेयस अय्यर ने 56 गेंद पर 82 रन की अहम पारी खेली। वहीं इसके बाद शॉर्ट बॉल को लेकर पूछे गए सवाल पर श्रेयस अय्यर गुस्सा हो गए।
इसका वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उन्होने बोला कि लोगों की ओर से ऐसा माहौल बनाया गया है कि मैं शॉर्ट बॉल नहीं खेल सकता हूं।
दरअसल मैच के बाद अय्यर से प्रेस वार्ता में एक मीडिया कर्मी ने सवाल किया कि आपको शॉर्ट बॉल पर खेलने पर परेशानी होती है। जिसके बाद श्रेयस ने कहा, क्या आपको पता है कि मैंने कितने पुल शॉट्स खेले हैं, जिसमें से कई बाउंड्री भी गए हैं।

यदि आप गेंद को हिट करेंगे तो आप किसी भी तरीके से आउट हो सकते हैं। फिर चाहे वह एक शॉर्ट गेंद हो या ओवर पिच गेंद। अगर मैं इन स्विंग पर दो या तीन बार आउट हो जाऊंगा तो आप लोग कहना शुरू कर देंगे कि इनस्विंग गेंद नहीं खेल पाता हूं।
हम एक खिलाड़ी के तौर पर किसी भी गेंद पर आउट हो सकते हैं। ये सब आप लोगों की ओर से माहौल बनाया गया है और इस वजह से आप लोगों के दिमाग में ये चलता रहता है। हम इन्हीं सभी चीजों पर काम करते रहते हैं।
अय्यर ने आगे कहा कि मैं मुंबई से आता हूं और वानखेड़े कि पिच पर मैं काफी खेला हूं। वानखेड़े की पिच पर भारत की ज्यादातर पिचों के मुकाबले अधिक बाउंस देखने को मिलता है। मैने अधिकतर मैच यहां पर खेले हैं। इसी वजह से मुझे अच्छी तरह से पता है कि बाउंस गेंदों से किस तरह से खेलना है।
आप जब बाउंस गेंदों को हिट करने जाते हैं तो आप आउट भी हो सकते हैं। कभी ये आपके पक्ष में भी जाता है। जब ऐसी गेंदों को मारने के लिए गया हूं तो अधिकतर समय आउट हुआ हूं जिसके कारण आप सभी सोचते हैं कि ये मेरे लिए समस्या है।