दक्षिण अफ्रीका से मैच के लिए कोलकाता में टीम इंडिया, कल करेगी प्रैक्टिस
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 5 नवंबर (रविवार) को वर्ल्डकप का 8वां मैच कोलकाता के ईडन गार्डन में होगा। इस मैच के लिये भारत शुक्रवार की शाम कोलकाता आ गई है।
टीम के कोलकाता पहुंचने के बाद मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और सहयोगी स्टाफ पिच का मुआयना करने ईडन गार्डन पहुंचे और पिच पर संतोष जाहिर किया। श्रीलंका को 302 रन से मात देकर रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इंडिया मुंबई से शुक्रवार की शाम कोलकाता पहुंची।

टीम के सभी प्लेयर हवाई अड्डे से सीधे आईटीसी सोनार होटल पहुंचे जहां उनकी एक झलक पाने के लिये होटल के बाहर काफी लोग मौजूद थे। टीम कल प्रैक्टिस करेगी। इस टूर्नामेंट में देखा गया है कि द्रविड़ अक्सर पिच का मुआयना करने मैदान जाते हैं।
कोलकाता में अगले दो दिन में बेमौसम की बरसात के अनुमान को लेकर पिच कवर करके रखी गई है। शुक्रवार शाम को भी हल्की बूंदाबांदी हुई है।
द्रविड़ 20 मिनट तक स्टेडियम पर रहे और इस दौरान बीसीसीआई की मैदान और पिच समिति के प्रमुख आशीष भौमिक तथा बंगाल क्रिकेट संघ के स्थानीय क्यूरेटर सुजन मुखर्जी उनके साथ थे।

मुखर्जी ने बाद में कहा , “द्रविड़ पिच से संतुष्ट थे। हमने अच्छी पिच बनाई है जिससे बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद मिलेगी। अच्छा क्रिकेट देखने को मिलेगा ईडन गार्डन पर
अब तक विश्व कप के दोनों मैचों में बड़ा स्कोर नहीं बना है, आम तौर पर यह बल्लेबाजों की मददगार पिच रहती है जिस पर तेज गेंदबाजों को भी मदद मिलती है।

अधिकारियों का मानना है कि अगर भारत पहले बल्लेबाजी करता है तो इस पिच पर बड़ा स्कोर बना सकता है। वर्ल्ड कप के इस मैच पर पूरी दुनिया के क्रिकेट दिग्गजों की नजर है। दरअसल माना जा रहा है कि इस समय सिर्फ दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी है जो भारतीय पेस अटैक को चुनौती दे सकती है।
अगर दक्षिण अफ्रीका टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करती है तो ये भारतीय गेंदबाजों की एक कठिन परीक्षा होगी। साथ ही दक्षिण अफ्रीका सामने भी बड़ी चुनौती भारतीय पेस तिकड़ी बुमराह, सिराज और शमी से पार पाने की होगी।