Trending

रचिन रविंद्र के शतक, विलियमसन के कमाल से न्यूजीलैंड के 401 रन, जाने पाक का हाल

रचिन रविंद्र (108 रन) के शतक और कप्तान केन विलियमसन (95 रन) के अर्धशतक से न्यूजीलैंड ने वनडे वर्ल्ड कप मैच में पाकिस्तान के खिलाफ छह विकेट पर 401 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में पाकिस्तान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए समाचार लिखे जाने तक 24.4 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 198 रन बना लिए थे।

चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच पर पाक के तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन दमदार नहीं रहा और वे ज्यादा ‘वैरिएशन’ नहीं दिखा सके जिससे न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद रविंद्र और विलियमसन ने दूसरे विकेट के लिए 180 रन की साझेदारी से बड़े स्कोर की मजबूत नींव रख दी।

रविंद्र ने 94 गेंद में 15 चौके और एक छक्के से अपना तीसरा शतक मारा, विलियमसन ने 79 गेंद में 10 चौके और दो छक्के मारे। यह टूर्नामेंट में दूसरी बार है जब स्कोर 400 रन के पार पहुंचा। नई दिल्ली में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका के खिलाफ 400 रन से अधिक का स्कोर खड़ा किया था।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

पाकिस्तान (छह अंक) को अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंचना है तो उसे यह लक्ष्य 35.2 ओवर में हासिल करना होगा। न्यूजीलैंड (आठ अंक) चौथे स्थान पर है।

पिछले तीन मैचों में हारने वाली न्यूजीलैंड के लिए रविंद्र और विलियमसन ने एक और दो रन लेने के अलावा बीच में शॉट मारकर 142 गेंद में 180 रन की साझेदारी निभाई। इन दोनों ने ना तो तेज गेंदबाजों और ना ही स्पिनरों को बख्शा। रविंद्र ने इससे पहले डेवोन कॉनवे के साथ पहले विकेट के लिये 68 रन जोड़े।

रविंद्र ने तेज गेंदबाज मोहम्मद वसीम पर एक रन लेकर शतक पूरा किया जिसके बाद दर्शक ‘रचिन रचिन’ पुकारने लगे। दूसरे विकेट की साझेदारी का अंत विलियमसन के आउट होने से हुआ जो अपने 14वें वनडे शतक के नजदीक पहुंच गये थे।

इफ्तिखार अहमद की गेंद को सीमारेखा के पार कराने के प्रयास में विलियमसन लांग ऑन पर खड़े फखर जमां को आसान कैच थमा बैठे। रविंद्र अधिक देर तक नहीं खेल सके और वसीम की गेंद पर स्क्वायर लेग में सऊद शकीक को कैच देकर पवेलियन लोटे।

पाकिस्तान वापसी के बारे में सोच रहा था जैसे उसने कुछ दिन पहले आस्ट्रेलिया के खिलाफ की थी। मार्क चैपमैन और डेरिल मिचेल ने चौथे विकेट के लिए 32 गेंद में 57 रन जोड़कर उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

ग्लेन फिलिप्स ने अंत में 26 गेंद में 41 रन बनाये जिससे न्यूजीलैंड ने अंतिम 10 ओवर में 94 रन बनाकर पाकिस्तान को जीत के लिए पहाड़ सा लक्ष्य दिया।