दिल्ली में वायु प्रदूषण का असर, श्रीलंका व बांग्लादेश का प्रैक्टिस सेशन रद्द
दिल्ली में वायु प्रदूषण के चलते श्रीलंका टीम ने शनिवार दोपहर को होने वाला अपना प्रैक्टिस सेशन रद्द कर दिया। इससे पहले बांग्लादेश ने भी शुक्रवार को इसी कारण प्रैक्टिस रद्द कर दी थी।
दिल्ली में वर्ल्ड कप के 5 मैच होने हैं, यहां 4 मैच हो चुके हैं और अब 6 नवंबर को बांग्लादेश-श्रीलंका के बीच 5वां मैच होगा। श्रीलंका के प्लेयर्स ने 2017 में भी वायु प्रदूषण से बचने के लिए दिल्ली में मास्क पहने थे।
शनिवार को देश की राजधानी दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 से ऊपर पहुंच गया। आईसीसी के एक अधिकारी ने एक क्रिकेट साइट को बताया, ‘स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

आईसीसी और हमारे मेजबान बीसीसीआई दिल्ली में हवा की गुणवत्ता की निगरानी कर रहे हैं। हम स्थिति का आकलन करने के लिए एक्सपर्ट की सलाह ले रहे हैं।
दिल्ली- एनसीआर में शनिवार 4 नवंबर को भी हवा का स्तर ‘गंभीर’ कैटेगरी में बना हुआ है। शनिवार सुबह दिल्ली में ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स 504 रहा।
श्रीलंका 7 मैचों में दो जीत और पांच हार के साथ अंक तालिका में सातवें नंबर पर है। दूसरी ओर बांग्लादेश सात में केवल एक जीत और छह हार के साथ नौवें स्थान पर है।
वनडे वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के सचिव मोहन डी सिल्वा ने शनिवार को इस्तीफा दे दिया।
श्रीलंका 2 नवंबर को मुंबई में भारत से 302 रन के बड़े अंतर से हार गया। वह सेमीफाइनल की रेस से लगभग बाहर हो चुकी है। श्रीलंका को अपना अगला मैच 6 नवंबर को दिल्ली में बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है। उसे अब तक सात मैचों में केवल दो जीत मिली हैं।