कोहली का शतक, जडेजा के पांच विकेट, भारत की 243 रन से जीत
विराट कोहली (नाबाद 101 रन) के शतक के बाद रविंद्र जडेजा (5 विकेट) की गेंदबाजी और बाकी गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 243 रन से मात देकर वर्ल्ड कप में लगातार आठवीं एकतरफा जीत हासिल की।
वर्ल्ड कप
विराट (नाबाद 101) और श्रेयस अय्यर (77) के बीच 134 रन की साझेदारी से भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 326 रन बनाये।
श्रीलंका के खिलाफ पिछले मैच में 302 रन से मिली जीत में शतक से 12 रन से चूके कोहली ने यहां अपने 289वें मैच में 277वीं पारी में 49वां शतक जड़ा। ईडन गार्डन पर करीब 65000 दर्शकों की अपेक्षाओं पर खरे उतरते हुए कोहली ने यह यादगार पारी खेली।

जवाब में दक्षिण अफ्रीका 27.1 ओवर में 83 रन पर ढेर हो गई। इस जीत के बाद भारत आठ मैचों में 16 अंक लेकर शीर्ष पर है और बेंगलुरू में अंतिम लीग मैच में 12 नवंबर को नीदरलैंड से टक्कर होगी।
दक्षिण अफ्रीका इतने ही मैचों में 12 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है और दोनों टीमों के विश्व कप फाइनल में भिड़ने की संभावना जताई जा रही है।

पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त फॉर्म में चल रहे भारतीय गेंदबाजों ने उसी प्रदर्शन को दोहराते हुए दिग्गज बल्लेबाजों से भरी दक्षिण को एक स्कूली टीम की तरह उन्नीस साबित किया।
टूर्नामेंट में सर्वाधिक (इस मैच से पहले 545) रन बना चुके क्विंटोन डिकॉक (पांच) दूसरे ही ओवर में मोहम्मद सिराज की गेंद पर आउट हो गए और इस झटके से दक्षिण टीम उबर ही नहीं सकी।
मार्को जेनसन ने टीम के लिए सर्वाधिक 14 रन बनाये। टूर्नामेंट में रन उगल रहा उसका शीर्ष क्रम मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह का सामना नहीं कर सका। रविंद्र जडेजा ने विकेट से मिल रही टर्न का फायदा उठाकर मध्यक्रम की नींव हिला दी। जडेजा ने नौ ओवर में 33 रन देकर पांच विकेट लिये।
भारतीय पारी का आकर्षण 35वां जन्मदिन मना रहे विराट का शतक रहा। सचिन ने 463 वनडे की 452 पारियों में 49 शतक और 96 अर्धशतक बनाये थे, उस समय खेल के नियम अलग थे।
सचिन के नाम सौ अंतरराष्ट्रीय शतक हैं, कोहली का यह 79वां अंतरराष्ट्रीय शतक है जिन्होंने टेस्ट में 29 और टी20 में एक शतक बनाया है।
कोहली ने श्रेयस अय्यर (77 रन) के साथ तीसरे विकेट की साझेदारी में 134 रन बनाकर भारत के बड़े स्कोर की नींव रखी। केशव महाराज को छोड़कर दक्षिण अफ्रीका का कोई गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों, कोहली पर अंकुश नहीं लगा सका।
कोहली ने पारी के 49वें ओवर में कैगिसो रबाडा की गेंद पर एक रन लेकर तिहरा अंक छुआ तो पूरा ईडन गार्डन उनके नाम से गूंज उठा। उन्होंने हेलमेट उतारकर दर्शकों और ड्रेसिंग रूम का अभिवादन स्वीकार किया और आसमान की ओर देखा।
भारत की शुरूआत आक्रामक रही और इसी मैदान पर नवंबर 2014 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे क्रिकेट का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले कप्तान रोहित ने कुछ दर्शनीय शॉट लगाये।
उन्होंने पहले ही ओवर में लुंगी एंगिडि को चौका मारा और गेंदबाज के अगले ओवर में उन्होंने दो तथा शुभमन गिल ने एक चौका मारकर रनगति को बढाया।
रोहित ने चौथे ओवर में मार्को जेनसन को दो चौके लगाये। एंगिडि को फिर नसीहत देते हुए उसके अगले ओवर में मिडविकेट पर चौका और स्क्वेयर लेग पर दो छक्के सहित 18 रन निकाले।
अपने दोनों गेंदबाजों को कामयाबी नहीं मिलती देख दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने छठे ओवर में कैगिसो रबाडा को गेंद सौंपी जिन्होंने अपने कप्तान के भरोसे को सही साबित करके खतरनाक होते दिख रहे रोहित को पवेलियन भेजा।
रोहित ने मिडआफ पर तेज शॉट खेला, बावुमा ने अपने पीछे की ओर झुकते हुए अपने सीने पर शानदार कैच लपका। रोहित ने 24 गेंद में छह चौकों और दो छक्कों से 40 रन बनाये। रोहित के आउट होने के बाद मैदान पर उतरे कोहली का दर्शकों ने तेज शोर के साथ स्वागत किया। कोहली ने रबाडा को चौका मारकर खाता खोला।
दूसरे छोर पर गिल ने जेनसन को मिड आन के ऊपर से छक्का लगाया। रबाडा के डाले दसवें ओवर में कोहली ने मिड आफ और एक्स्ट्रा कवर के बीच से चौका निकाला। स्ट्रेट में चौका जड़ा।
इस टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका के सफल स्पिनर केशव महाराज 11वें ओवर में गेंदबाजी के लिये आये और गिल को आउट किया। गिल इतने हैरान थे कि डीआरएस ले डाला, फैसला गेंदबाज के पक्ष में रहा। भारत का दूसरा विकेट 93 के स्कोर पर गिरा।
भारत के 100 रन 13 . 1 ओवर में बने। महाराज का साथ देने दूसरे छोर से भी स्पिनर तबरेज शम्सी उतरे और दोनों ने भारतीय बल्लेबाजों को बांधने की कोशिश की।
कोहली जब 37 रन पर थे तब महाराज ने विकेट के पीछे लपके जाने की अपील की जिसे मैदानी अंपायर ने खारिज किया। बावुमा से बात करने के बाद डीआरएस लिया गया, रिप्ले से साफ था कि गेंद कोहली के बल्ले को छूकर नहीं गई थी और टीवी अंपायर ने कोहली को नॉट आउट करार दिया।
कोहली और श्रेयस ने ढीली गेंदों को नसीहत देते हुए रन बनाने का सिलसिला जारी रखा। महाराज के दस ओवर का कोटा पूरा हो गया जिन्होंने 30 रन देकर एक विकेट झटका, श्रेयस ने 30वें ओवर में शम्सी को दो चौके जड़े और एडेन मार्कराम को 34वें ओवर में छक्का लगाया।
शतक की ओर बढते दिख रहे श्रेयस एंगिडि की गेंद पर हवाई शॉट खेलकर गलती कर गए और मार्कराम ने उनका कैच लपककर 134 रन की इस साझेदारी को खत्म कर दिया।
श्रेयस ने अपनी पारी में 87 गेंद खेलकर सात चौके और दो छक्के मारे। भारत का तीसरा विकेट 227 के स्कोर पर गिरा। केएल राहुल आठ रन बनाकर जेनसन की गेंद पर रासी वान डेर डुसेन को कैच देकर लौटे।
कोहली और सूर्यकुमार यादव (19 गेंद में 22 रन) ने तेजी से रन बंटोरे। यादव को 46वें ओवर में शम्सी ने विकेट के पीछे क्विंटोन डिकॉक के हाथों लपकवाया। रविंद्र जडेजा 15 गेंद में 29 रन बनाकर नाबाद रहे।