Trending

हार से परेशान श्रीलंकाई टीम, प्लेयर्स ने नहीं मिलाया हाथ

बांग्लादेश बनाम श्रीलंका वर्ल्ड कप का 38वां मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में पहली पारी में जहां बांग्लादेशी कप्तान शाकिब अल हसन ने ‘टाइम आउट’ के चलते श्रीलंकाई बल्लेबाज एंजेलो मैथ्यूज के खिलाफ अपील कर उन्हें पवेलियन की राह दिखाई, दूसरी पारी में मैथ्यूज ने शाकिब का विकेट लेकर अपना बदला लिया।

मगर खेल भावना की धज्जियां उस समय उड़ी जब दोनों टीमों के प्लेयर्स ने मैच के बाद हाथ नहीं मिलाया। क्रिकेट के मैदान पर कम ऐसा नजारा देखने को मिलता है।

साभार : सोशल मीडिया

मैच के दौरान चाहे कितना भी बड़ा विवाद क्यों ना हो जाए दोनों टीमों के खिलाड़ी अंत में हैंड शेक कर एक दूसरे को खेल को जरूर सराहते हैं और खेल भावना को बनाए रखते हैं, मगर बांग्लादेश बनाम श्रीलंका मैच के बाद ऐसा देखने को नहीं मिला।

रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रीलंका हारने के बाद सीधा अपने डग आउट की तरफ चली गई। उनके कप्तान कुसल मेंडिस ने टीम को हैंड शेक करने से मना किया और वह पूरी टीम को लेकर अपने डग आउट की ओर चले गए।

बांग्लादेश के दोनों बल्लेबाज भी बिना हाथ मिलाए अपने डग आउट की तरफ गए, शाकिब अल हसन ने बाद में आकर अंपायरों और कुछ श्रीलंकाई सपोर्ट स्टाफ से हाथ मिलाया। बात मैच की करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने आई श्रीलंका ने चरिस असलांका के शतक के दम पर बांग्लादेश के सामने 280 रनों का लक्ष्य रखा था।

इस स्कोर का पीछा बांग्लादेश ने नजमुल हुसैन शान्तो (90) और शाकिब अल हसन (82) के शानदार अर्धशतकों से 41.1 ओवर में ही कर लिया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 169 रनों की साझेदारी हुई थी। श्रीलंका इस हार के बाद वर्ल्ड कप से बाहर हो गया है, अब उनपर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के डायरेक्ट क्वालिफिकेशन के रेस से भी बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है।