ऑस्ट्रेलिया व अफगानिस्तान में टक्कर आज, दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण है ये मैच
वनडे वर्ल्ड कप का 39वां मैच ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। दोनों टीमों के लिए यह मैच काफी अहम है। इस मैच को जीतकर पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लेगी।
इस वर्ल्ड कप में अपने परफॉर्मेंस से सबको सरप्राइज करने वाली अफगानिस्तान अगर यह मैच जीत जाती है तो वह भी सेमीफाइनल की रेस में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान से आगे निकल सकती है।

ऑस्ट्रेलिया इस टूर्नामेंट के शुरुआती दो मैच हारने के बाद बैक टू बैक पांच मैच जीतकर बेहतरीन फॉर्म में है। उसके सात मैचों में पांच जीत और दो हार के बाद 10 अंक हैं और टीम अंक तालिका में तीसरे नंबर पर है।
दूसरी तरफ अफगान टीम ने इस वर्ल्ड कप में तीन पूर्व विजेता इंग्लैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका जैसी बड़ी टीमों को हराया है। टीम के सात मैचों में चार जीत और तीन हार के बाद 8 अंक हैं, और वो छठे नंबर पर है।
वनडे में रिकॉर्ड एकतरफा ऑस्ट्रेलिया के हक में है। इस मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। मुजीब उर रहमान, मोहम्मद नबी, राशिद खान और नूर अहमद की स्पिन गेंदबाजी ऑस्ट्रेलिया की बैटिंग लाइन-अप को परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
वनडे वर्ल्ड कप में दोनों के बीच अब तक कुल दो मैच हुए। दोनों में ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली। वनडे में दोनों टीमों के बीच वर्ल्ड कप के मुकाबलों के अलावा केवल एक मैच हुआ है। जो साल 2012 में हुआ था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया को 66 रन से जीत मिली थी। यानी अगर आज अफगानिस्तान टीम जीतती है तो उसकी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में पहली जीत होगी।
इस वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की ओर से डेविड वॉर्नर के नाम सबसे अधिक रन है। उन्होंने सात मैचों में 428 रन बनाए हैं। उनके नाम दो शतक और एक अर्धशतक है। गेंदबाजी में एडम जम्पा ने सबसे ज्यादा 19 विकेट लिए हैं।
हशमतुल्लाह शहीदी ने टीम के लिए सबसे अधिक 282 रन बनाए हैं। वह टीम की ओर से टूर्नामेंट के टॉप रन स्कोरर हैं। उनके नाम 7 मैचों में तीन अर्धशतक है। मुजीब उर रहमान 7 विकेट के साथ टीम के टॉप बॉलर हैं।
ऑस्ट्रेलियाई स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल अब पूरी तरह फिट हैं। वो आज अफगानिस्तान के खिलाफ खेल सकते हैं।
मैक्सवेल 30 अक्टूबर को गोल्फ कार्ट से फिसलकर गिर गए जिस वजह से वो चोटिल हो गए थे। वो पिछला मैच इंग्लैंड के खिलाफ नहीं खेल पाए थे।
मिचेल मार्श भी टीम के साथ जुड़ गए हैं, वो भी इंग्लैंड के खिलाफ नहीं थे। मार्श निजी कारणों से ऑस्ट्रेलिया चले गए थे, अब वो लौट आए हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच बैटिंग फ्रेंडली है। यहां पर बल्लेबाजों को काफी मदद मिलती है।
स्टेडियम में टूर्नामेंट का चौथा मैच होगा। इंग्लैंड-दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश-साउथ अफ्रीका और भारत-श्रीलंका मैच इस मैदान पर खेला गया था। इस मैदान पर अब तक 26 वनडे हुए हैं, जिसमें पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 14 और बाद में बैटिंग करने वाली टीम ने 12 मैच जीते हैं। फर्स्ट इनिंग में एवरेज टोटल 260 रन है।
हाईएस्ट टीम स्कोर 438 है जो दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ 2015 में बनाया था। लोवेस्ट टीम स्कोर 55 है जो श्रीलंका ने भारत के खिलाफ इसी वर्ल्ड कप में बनाया था।
मुंबई में मंगलवार, 7 नवंबर को मौसम साफ रहेगा। बारिश की 1% आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 7 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी। तापमान 27 से 37 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
ऑस्ट्रेलिया : पैट कमिंस (कप्तान), ट्रैविस हेड, डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मार्कस स्टोयनिस, ग्लेन मैक्सवेल/ कैमरन ग्रीन, एडम जम्पा, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड
अफगानिस्तान : हशमतुल्लाह शहीदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह ओमरजई, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद और फजलहक फारूकी